Highlights

राज्य

बेकाबू ट्रक ने वाहनों को रौंदा, जवान सहित 12 घायल; जान बचाकर भागे लोग

  • 28 Mar 2023

मंडला। मंडला जिले में एनएच-30 पर बिछिया नगर में सोमवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने शहर में खड़े वाहनों को रौंद दिया। इस हादसे में 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें डेढ़ माह का एक बच्चा सहित 4 की हालत गंभीर हैं। छोटे बच्चे को जबलपुर मेडिकल कॉलेज एवं दो अन्य लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में एएसएफ के 5 जवान भी शामिल हैं। इनमें से एक गुड्डू लाल पटेल गंभीर रूप से घायल हैं।
दरअसल, लकड़ियों से भरा ट्रक रायपुर की तरफ से आ रहा था। बिछिया नगर में आकर उसके ब्रेक फेल हो गए थे। ट्रक ने पहले  वाहन को टक्कर मारी, जिससे वह पलट गया। इसके बाद ट्रक ने सड़क पर खड़े 10 से ज्यादा बाइक व आॅटो सहित अन्य गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भागने लगे।
 घायल जवान गुड्डू लाल पटेल ने बताया कि बस स्टैंड के गेट के पास जहां गाड़ियां खड़ी होती हैं, वहां हमारी गाड़ी भी खड़ी थी। पीछे से एक ट्रक आया जिसमें लकड़ी लोड थी, वह गाड़ी को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। हमारे वाहन में अन्य लोग थे, सभी को चोट आई हैं। सब हॉस्पिटल में हैं। उन्होंने बताया कि कई अन्य लोगों को भी चोट आई हैं। कम से कम 15-20 लोग घायल हुए हैं। मैं बेहोश हो गया था, मुझे तुरंत अस्पताल आया गया।
नाराज लोगों ने जाम लगा दिया-
गंभीर रूप से घायलों को छोड़ अन्य घायलों को बिछिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। जिसके बाद एसडीएम एवं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। ट्रक की टक्कर के बाद कुछ बाइक भी उसमें फंस गई। लोगों ने दौड़कर ट्रक को रुकवाया।
बिछिया पुलिस के अनुसार घटना में 12 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से 4 लोग गंभीर हैं। गंभीर घायलों के नाम शिवांश मरावी (डेढ़ माह) (माता का नाम- अनिता मरावी), अशोक ताराम, मनीष यादव, कुद्दू लाल पटेल हैं। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।