Highlights

इंदौर

बिजली कंपनी सभी 15 जिला मुख्यालयों पर प्रारंभ करेगी पेपरलेस बिल

  • 24 Jun 2022

समय बचेगा- हाथोंहाथ मोबाइल पर पेमेंट लिंक के साथ मिलेगा ई:बिल
इंदौर। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर सहित सभी 15 जिला मुख्यालयों पर अगले दो माह में पेपरलेस बिल व्यवस्था प्रारंभ करेगी। इसकी तैयारी सूचना प्रौद्योगिकी और वाणिज्य विभाग के साथ ही मैदानी अधिकारियों द्वारा की जा रही है। पेपरलेस बिल उपभोक्ताओं को रीडिंग के समय ही मोबाइल पर मिलेंगे। इन ई- बिलों में पेमेंट लिंक भी होगी, जिससे उपभोक्ता समय पर कैशलेस बिल जमा कर छूट का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक श्री अमित तोमर ने बताया कि अगले दो माह में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर धार, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, झाबुआ, आलीराजपुर, मंदसौर, नीमच जिला मुख्यालयों पर पेपरलेस बिल  प्रारंभ किए जाएंगे। मीटर रीडर घर, दुकान, कार्यालय या अन्य परिसरों पर पहुंचकर फोटो मीटर रीडिंग लेगा। इसके बाद एप से बिल जनरेट हो जाएगा , उसी समय संबंधित उपभोक्ता के मोबाइल पर बिल मिल जाएगा। इस पेपरलेस बिल में पेमेंट लिंक भी होगी, जिसकी मदद से कोई भी उपभोक्ता बिल बिल राशि चुका सकता है। घर बैठे केशलेस बिल भरने पर एलटी घरेलू उपभोक्ताओं को न्यूनतम 5 रूपए से लेकर अधिकतम बिल राशि की आधा फीसदी छूट प्रदान की जाएगी। एलटी गैर घरेलू उपभोक्ताओं को 5 रूपए से लेकर अधिकतम 20 रूपए की प्रतिबिल छूट मिलेगा। श्री तोमर ने बताया कि कोई भी उपभोक्ता मोबाइल पर मिले पेपरलेस बिल को दिखाकर बिजली कंपनी के जोन, वितरण केंद्रों के भुगतान केंद्र पर  राशि जमा करा सकता है। पुराने बिल या आईवीआरएस नंबर के आधार पर भी भुगतान केंद्र का कर्मचारी उपभोक्ता को मौजूदा बकाया राशि बताकर राशि आसानी से जमा करा लेगा। प्रबंध निदेशक श्री तोमर ने बताया कि स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं को भी पेपरलेस बिल मिलेंगे। स्मार्ट मीटरों वाले वे उपभोक्ता जिनके बिजली खातों से मोबाइल नंबर लिकं नहीं है, वे ऊर्जस या मीटर रीडरों की मदद से अपने मोबाइल नंबर दर्ज करा सकते हैं।