इंदौर। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय (चिडिय़ाघर) में दर्शक फिलहाल अफ्रीकी जेब्रा नहीं देख पाएंगे। वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत मुंबई के वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान एंड चिडिय़ाघर से जेब्रा लाया जाना था। बदले में उसे शेर और भेडिय़े का जोड़ा देना था। मगर मुंबई चिडिय़ाघर ने पत्र लिखकर जेब्रा का युवा जोड़ा देने में असमर्थता जताई है।
दरअसल, इजराइल से दो जोड़े जेब्रा मुंबई चिडिय़ाघर आने वाले थे। इनमें से एक जोड़ा इंदौर चिडिय़ाघर को दिया जाना था। इंदौर चिडिय़ाघर प्रबंधन ने जेब्रा के लिए बाड़ा भी बना लिया है। प्रभारी डा. उत्तम यादव ने बताया कि अफ्रीकी जेब्रा प्रदेश के किसी भी चिडिय़ाघर में नहीं है। इसके चलते हम लंबे समय से इसे इंदौर लाने का प्रयास कर रहे थे। मुंबई चिडिय़ाघर को इजराइल से जेब्रा नहीं मिल रहा है। इसके चलते वह अन्य जगह तलाश कर रहा है। हम भी जहां जेब्रा है, उन चिडिय़ाघर से बात कर रहे हैं। हम जेब्रा के बदले मुंबई चिडिय़ाघर की आवश्यकता के मुताबिक शेर और भेडिय़ा देने में समर्थ थे।
इंदौर
बाड़ा तैयार, लेकिन चिडिय़ाघर को नहीं मिल पाया अफ्रीकी जेब्रा
- 16 Sep 2022



