अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के बानसूर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक हिस्ट्रीशीटर युवक की गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान हरसौरा थाना क्षेत्र के मुगलपुर गांव निवासी महेश गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार देर रात की है, जबकि गुरुवार शाम जयपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात करीब 11 बजे महेश गुर्जर अपने एक रिश्तेदार चेतन उर्फ काली और एक-दो अन्य दोस्तों के साथ गांव के ही एक खेत में बैठा हुआ था। इसी दौरान चेतन के हाथ में मौजूद हथियार से अचानक एक्सीडेंटल फायर हो गया। गोली सीधे महेश गुर्जर के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
गोली लगने के तुरंत बाद घायल महेश को गंभीर हालत में पहले बानसूर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे कोटपूतली रेफर कर दिया। कोटपूतली से भी बेहतर इलाज के लिए उसे जयपुर भेजा गया, जहां उसे निम्स (NIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बानसूर पुलिस और डीएसपी मेघा गोयल के अनुसार, मृतक महेश गुर्जर इलाके का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि यह घटना वाकई एक हादसा थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या साजिश है।
डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि फिलहाल मामला हथियार के अचानक चलने का बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
बानसूर में सनसनी: दोस्त के हाथ से चली गोली और खत्म हो गया 22 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर
- 06 Mar 2026



