इंदौर। इंदौर नगर निगम द्वारा दुकान के आगे लगे बोर्ड पर शुल्क लेने के फैसले पर कांग्रेस अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने कहा है कि वर्तमान महापौर पुष्यमित्र भार्गव और उनकी परिषद को भाजपा की ही पूर्ववर्ती विधायक मालिनी गौड़ के नेतृत्व वाली परिषद का अनुसरण करना चाहिए। जनता पर भार बनने वाले टैक्स को लागू नहीं करना चाहिए।
व्यापारियों द्वारा अपनी दुकान पर लगाए जाने वाले बोर्ड पर नगर निगम द्वारा जिस तरह से पंजीयन शुल्क और हर वर्ष का शुल्क लगाया जा रहा है, वह अंग्रेजों के शासन काल के जजिया कर की याद दिलाता है। पूर्व में विधायक मालिनी गौड़ के नेतृत्व में भाजपा की ही परिषद थी। उस समय पर शासन द्वारा वर्ष 2017 में इस नए टेक्स को लागू करने का आदेश भेजा गया था। उस समय परिषद को यह अच्छी तरह से मालूम था कि यह टैक्स गलत है। यही कारण है कि उस परिषद द्वारा शासन के इस गलत आदेश को अपने कार्यकाल के दौरान लागू नहीं किया गया। अब वर्तमान महापौर पुष्यमित्र भार्गव को भी चाहिए कि वे इस गलत आदेश को अपनी परिषद के कार्यकाल में लागू करने का कलंक अपने माथे पर नहीं लगाएं।
उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल ने बताया की शहर में कई जगह पर नगर निगम के बोर्ड लगे हैं, जो निगम का विज्ञापन कर रहे हैं। उनकी अनुमति लेने और नियमानुसार शुल्क भरने के संबंध में कांग्रेस द्वारा महापौर को नोटिस भेजा जाएगा। शुल्क न देने पर कांग्रेस द्वारा निगम के बोर्ड उखाड़े जाएंगे।
इंदौर
बोर्ड पर टैक्स, राजनीति शुरू, दुकानों के आगे लगे बोर्ड पर टैक्स लेने के फैसले पर कांग्रेस ने इंदौर महापौर को घेरा
- 15 Oct 2022