आश्रम की तरफ से कुंड को निहार सकेंगे पर्यटक
पन्ना। बुंदेलखंड का नियाग्रा कहे जाने वाले पन्ना जिले में स्थित बृहस्पति कुण्ड जलप्रपात में ग्लास ब्रिज बनेगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। यहां ग्लास ब्रिज बनने से पर्यटक बृहस्पति कुंड की खूबसूरती को और करीब और ऊपर से देख सकेंगे। इससे पर्यटन में भी बढ़ावा होगा, हालांकि अभी सिर्फ प्रपोजल पर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों के द्वारा मौके का मुआयना किया गया है।
पन्ना के पूर्व कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने अपने कार्यकाल में बृहस्पति कुंड जलप्रपात और आसपास के क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग शिवशेखर शुक्ला को प्रस्ताव भेजा था। उसका अवलोकन व लोकेशन का अध्ययन करने रविवार को अफसर यहां पहुंचे। इसमें प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग शुक्ला द्वारा मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वास्तुविद सतीश कालान्तरे (जबलपुर), कार्यपालन यंत्री के चौरसिया (सागर) और विवेक चौबे, उपयंत्री (खजुराहो) थे।
पर्यटन की संभावनाओं पर की चर्चा-
पन्ना के सर्किट हाउस में पूर्व कलेक्टर संजय कुमार मिश्र द्वारा मध्य प्रदेश पर्यटन निगम की उक्त टीम के साथ बैठक लेकर बृहस्पति कुंड जलप्रपात और आसपास के क्षेत्र का पर्यटन बढ़ाने के उद्देश्य से बनाये प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा कर अपने सुझाव दिए गए। इस बैठक में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय जिला पुरातत्व, पर्यटन और संस्कृति परिषद पन्ना के सदस्य के रूप में शामिल हुए।
सुरक्षा के लिए चारों ओर लगेगी रेलिंग-
मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम की तकनीकी टीम ने बृहस्पति कुंड जलप्रपात पहुंचकर वास्तविक स्थिति और लोकेशन का अध्ययन किया। वास्तुविद सतीश कालान्तरे ने बताया कि जलप्रपात के आसपास फिलहाल सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे दुर्घटनाओं की संभावना हमेशा बनी रहती है। इसलिए बृहस्पति कुण्ड जलप्रपात के चारों तरफ सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाएगी। रेलिंग भी इस तरीके से लगाई जाएगी कि स्थान की खूबसूरती भी बनी रहे और सुरक्षा भी रहे।
आश्रम की तरफ बनेगा ब्रिज-
बृहस्पति कुण्ड आश्रम की तरफ एक मजबूत ग्लास ब्रिज बनाया जाएगा। इस पर चढ़कर पर्यटक जलप्रपात के ठीक सामने खड़े होकर जलप्रपात की खूबसूरती को निहार सकेंगे। यह देश का दूसरा और मध्यप्रदेश का पहला ग्लास ब्रिज होगा।
राज्य
बृहस्पति कुंड में बनेगा प्रदेश का पहला ग्लास ब्रिज
- 22 Aug 2023