कोलकाता। बंगाल के बरुईपुर रेप मामले के मुख्य आरोपी प्रबाश मंडल को बुधवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को आरोपी को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए ले गई थी, इसी दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर पुलिस टीम पर एक राउंड गोली चला दी और मौके से भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग के दौरान आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत बारूईपुर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:45 बजे बरुईपुर थाना प्रकरण संख्या 1350/26 के जांच अधिकारी ने अपनी टीम के साथ आरोपी प्रभास मंडल को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए सुरज्यापुर हाट लेकर पहुंची थी. पुलिस वहां अपराध के घटनाक्रम का री-क्रिएशन शुरू ही करने वाली थी कि तभी शातिर आरोपी प्रभास ने ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी की गन पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया.
पुलिस का कहना है कि हथियार छीनने के तुरंत बाद आरोपी प्रभास मंडल ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए एक राउंड फायरिंग कर दी और वहां से भागने लगा. पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी फायरिंग शुरू कर दी. इस आमने-सामने की मुठभेड़ में प्रभास मंडल को गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से जख्मी होकर वहीं गिर पड़ा.
साभार आज तक
देश / विदेश
बरुईपुर रेप मामले का मुख्य आरोपी प्रभास मंडल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
- 08 Jul 2026



