लोगों में दिखा गजब का उत्साह
इंदौर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार को इंदौर पहुंची तो लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। राहुल की एक झलक देखने के लिए लोग अपने मकानों की गैलरियों में जमा थे। फूल वर्षा की जा रही थी। राहुल इंदौर की सड़कों पर कदमताल करते हुए राजबाड़ा पहुंचे और सभा को संबोधित किया।
यात्रा में कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश, मीनाक्षी नटराजन आदि नेता हैं। आगे-पीछे मिलाकर करीब 300 मीटर तक भारी भीड़ साथ चल रही थी। इंदौर प्रवेश पर राहुल गांधी के स्वागत का दौर चला। अनेक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे। बोहरा समाज की महिलाएं और सिख समाजजन स्वागत के मंच पर मौजूद रहे। यात्रा का सैफी नगर पहुंचने पर भी स्वागत किया गया। मध्य प्रदेश में आज पांचवां दिन है। रविवार सुबह यात्रा महू के दशहरा ग्राउंड मरकाम लेन से शुरू हुई और राऊ के बाद इंदौर पहुंच गई। इंदौर के पास राऊ में मामा का ढाबा पर राहुल गांधी रुके और सभी नेताओं के साथ चाय पी। इसके बाद वे आगे बढ़े तो एक समर्थक ने उन्हें अपनी बुलेट चलाने को कहा, जिस पर राहुल गांधी ने हेलमेट पहना और कुछ दूर तक उस पर सवारी की। इस दौरान उन्होंने एक डाग को वाक भी कराया। यहां शिव सिटी में रहने वाली मान्या राहुल से मिली और उन्हें टाफी दी, उन्होंने मान्या से पूछा आप क्या बनना चाहती हो।
लोगों का अभिवादन किया
राहुल गांधी ने सैफी नगर चौराहे पर कुछ पल रुककर और हाथ उठाकर लोगों और मल्टी में बैठे लोगों का अभिवादन किया। यात्रा में जयवद्र्धन सिंह पैदल चल रहे थे जबकि कमलनाथ कार में थे। गुलजार कॉलोनी चौराहे पर धक्का-मुक्की हुई। यही राहुल गांधी एक होटल पर नाश्ते के लिए रुके। इसके बाद यात्रा फिर आरंभ हो गई। होटल में राहुल गांधी ने सिर्फ चाय और बिस्किट ही खाये।
पहले पड़ाव में राऊ पहुंची यात्रा
इससे पूर्व राहुल गांधी की यात्रा सुबह 6 बजे महू से रवाना हुई, जो करीब सुबह 9.45 बजे राऊ में अपने पहले पड़ाव पर पहुंची। यहां यात्रा लंच ब्रेक के लिए रुकी। इससे पहले राहुल ने मामाजी के ढाबे पर रुककर टी ब्रेक लिया था। इस दौरान स्थानीय विधायक जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेसी नेता उनके पीछे भागते दिखे। राहुल गांधी मॉर्निंग में ग्रीन और रेड कार्पेट पर चले, इसके बाद ब्लू कार्पेट पर चलते नजर आए।
व्हील चेयर खींचते हुए चले-
4 फीट की आयुषी मुकाती भी राहुल की यात्रा में शामिल हुई। इससे पहले महू के पिगडंबर गांव के पास राहुल गांधी ने दिव्यांग मनोहर को अपने पास बुलाया। वे करीब 5 मिनट तक मनोहर की व्हील चेयर खींचते हुए उनके साथ चले। इस दौरान उन्होंने मनोहर से चर्चा भी की।
इंदौर
भारत जोड़ो यात्रा इंदौर पहुंची, लोग एक झलक के लिए थे आतुर
- 28 Nov 2022