चिमनबाग मैदान और राजबाड़ा की देखी व्यवस्था
इंदौर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के इंदौर में आने के पहले ही हलचलें तेज हो गई है। एक तरफ जहां राजनीति गरमाई हुई है। वहीं इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा का जोरदार स्वागत करने की तैयारी में लगे हैं।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राऊ क्षेत्र से इंदौर में प्रवेश करेगी। यहां से आगे बढ़ते हुए यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। इसी कड़ी में मंगलवार को राहुल गांधी के निजी सुरक्षा सलाहकार केबी बैजू कांग्रेस नेताओं के साथ निरीक्षण करने सड़कों पर उतरे। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, सत्यनारायण पटेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, पिंटू जोशी, अमित चौरसिया सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी के निजी सुरक्षा सलाहकार केबी बैजू मंगलवार को चिमनबाग मैदान पहुंचे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का रात्रि विश्राम यहीं होना है। इसके चलते उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्राउंड का निरीक्षण किया। इसके बाद वे कांग्रेस नेताओं के साथ राजबाड़ा पहुंचे। राजबाड़ा की सड़कों पर कांग्रेस नेताओं के साथ वे घूमे और जगह देखने के साथ ही व्यवस्थाओं को देखा।
कांग्रेस नेताओं की माने तो राहुल गांधी की निजी सुरक्षा सलाहकार ने चिमनबाग मैदान और राजबाड़ा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि चिमनबाग मैदान में राहुल गांधी के रूकने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही यहां पर सांस्कृतिक आयोजन भी किया जाएगा। केबी बैजू ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए है उसके अनुसार व्यवस्थाएं की जा रही है।
इंदौर
भारत जोड़ो यात्रा के पहले निरीक्षण
- 23 Nov 2022