Highlights

इंदौर

भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में पदयात्रा, कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर ऑफिस पहुंचे

  • 13 Oct 2022

इंदौर। राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन इंदौर में किया गया। यहां इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा गांधी भवन (कांग्रेस कार्यालय) से कलेक्टर ऑफिस तक पदयात्रा निकाली। यात्रा में शामिल कांग्रेसजनों ने कलेक्टर ऑफिस पर सत्याग्रह आंदोलन किया और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।
बुधवार को गांधी भवन से यात्रा की शुरूआत हुई। यात्रा इंदौर शहर कांग्रेस सभी मोर्चा संगठन एवं प्रकोष्ठ प्रभारी देवेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में निकाली। हालांकि इसमें विधायक संजय शुक्ला ही नजर आए। इसके अलावा शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल व कुछ बड़े नेता नदारद मिले। बताया जा रहा है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष भोपाल में थे। इस वजह से वह शामिल नहीं हो सके।
बैनर-पोस्टर, कांग्रेस के झंडे और ढोलक लेकर निकले
कांग्रेस कार्यालय से यात्रा की शुरूआत हुई, जिसमें कांग्रेस नेता हाथों में बैनर-पोस्टर और समर्थक हाथों में झंडे लिए नजर आए। यात्रा में ढोलक भी बजाई जा रही थी। लाउड स्पीकर से यात्रा की जानकारी दी गई। यात्रा कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर पंढऱीनाथ से होते हुए कलेक्टर ऑफिस पहुंची। यहां कांग्रेसियों ने कलेक्टर ऑफिस के गेट पर ही सत्याग्रह आंदोलन किया और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।
बेरोजगारी व पेट्रोल-डीजल की कीमतों का मुद्दा
ज्ञापन में बताया गया कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार की वादा खिलाफी एवं जनविरोधी नीतियों जैसे की देश इस समय भयानक मंदी के दौर से गुजर रहा है। लोग बेरोजगार हो गए है, पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही है। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के कारण जनता परेशान हो रही है। पेट्रोल-डीजल, गैस, आटा, तेल व सभी खाद्य सामग्री की कीमतों में जीएसटी लगाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। इसके साथ ही ज्ञापन में कई अन्य बातों का भी जिक्र किया गया।