Highlights

खेल

भारत ने श्रीलंका पर जीत के साथ सेमीफाइनल में बनाई जगह, दर्ज की सबसे बड़ी जीत

  • 03 Nov 2023

मुंबई। भारत ने विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उसने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (दो नवंबर) को श्रीलंका के खिलाफ 302 रन से जीत हासिल की। टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। उसने विश्व कप इतिहास में रनों के हिसाब से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले उसने 2007 में बरमुडा को 257 रन से हराया था। भारत का अगला मुकाबला अब दक्षिण अफ्रीका से रविवार (पांच नवंबर) को होगा।
विश्व कप में ओवरऑल सबसे बड़ी जीत की बात करें तो इस मामले में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है। उसने इसी संस्करण में नीदरलैंड के खिलाफ दिल्ली में 309 रन से जीत हासिल की थी। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 357 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 55 रन पर सिमट गई। वनडे में भारत के खिलाफ यह उसका दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले इसी साल एशिया कप में वह 50 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए- श्रीलंका की पारी की बात करें तो उसके लिए सबसे ज्यादा 14 रन कसून रजिता ने बनाए। उनके अलावा महीश तीक्ष्णा और एंजेलो मैथ्यूज ने 12-12 रन बनाए। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हुए। पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, दुशन हेमंता और दुश्मंथा चमीरा खाता नहीं खोल पाए। वहीं, आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन और जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।
भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर- भारत के तेज गेंदबाजों ने श्रीलंकाई बल्लेबाज को टिकने ही नहीं दिया। पारी की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने पथुम निसांका को शून्य पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। इस झटके से श्रीलंकाई टीम अंत तक उबर नहीं पाई। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।

शमी ने इस विश्व कप में दूसरी बार पांच विकेट लिए। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। उनके विश्व कप में अब 45 विकेट हो गए। उन्होंने जहीर खान और जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ा। जहीर और श्रीनाथ ने 44-44 विकेट लिए थे। शमी को शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
साभार अमर उजाला