इंदौर। आरटीओ के नाके पर जारी भ्रष्टाचार के खिलाफ ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने विरोध का ऐलान कर दिया है। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृतलाल मदान शुक्रवार को इंदौर पहुंच रहे हैं। ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के साथ मदान ने सेंधवा बैरियर पर जाने की घोषणा भी कर दी है। स्थानीय पदाधिकारियों के मुताबिक बैरियर पर जारी भ्रष्टाचार के खिलाफ ट्रांसपोर्ट कारोबारी विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मप्र में आरटीओ चेकपोस्ट पर भ्रष्टाचार का मामला गरमाया हुआ है। बीते दिनों केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की एक चि_ी भी वायरल हुई थी। इसे बाद में फर्जी करार दिया था। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राकेश तिवारी और प्रदेश सचिव कपिल शर्मा के अनुसार सेंधवा बैरियर पर जारी भ्रष्टाचार के कारण मप्र का नाम देश में खराब हो रहा है। इससे सबसे ज्यादा पीडि़त ट्रांसपोर्ट कारोबारी ही हैं। बाहर की गाडिय़ां मप्र में माल लाने से हिचकती हैं, या फिर प्रदेश के लिए भाड़ा ज्यादा लिया जाता है।
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मदान 26 अगस्त को इंदौर आ रहे हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात कुमार मित्तल भी उनके साथ रहेंगे। मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की प्रदेश इकाई इंदौर में उनका सम्मान समारोह आयोजित कर रही है। सम्मान समारोह के बाद एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी सेंधवा नाके पर भी पहुंचेंगे। नाके पर अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा, ताकि शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट हो। परेशानी और भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस की प्रदेश इकाई अब लगातार उठाती रहेगी। इस दिशा में एक मुहिम भी शुरू की जाएगी।
इंदौर
भ्रष्टाचार के खिलाफ ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का विरोध, सेंधवा बैरियर पर करेंगे प्रदर्शन
- 26 Aug 2022



