Highlights

इंदौर

भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के पंजीयन का चलेगा अभियान

  • 16 Sep 2022

इंदौर। राज्य शासन के श्रम विभाग द्वारा भवन निर्माण एवं अन्य संनिर्माण श्रमिकों के पंजीयन का अभियान चलाया जायेगा। इस दौरान निर्माण क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले 49 श्रेणी के श्रमिकों का पंजीयन होगा। पंजीयन का यह कार्य संबंधित क्षेत्र के नगरीय निकाय एवं पंचायतों द्वारा किया जायेगा। इसके लिये विशेष शिविर भी आयोजित किये जायेंगे। श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अभियान 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित होगा। इसमें यह सुनिश्चित किया जायेगा कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अंतर्गत छूटे हुये पात्रताधारी भवन संनिर्माण श्रमिकों के शत-प्रतिशत पंजीयन हो। पंजीयन हेतु श्रमिकों को मध्यप्रदेश का सामान्य निवास और उसकी आयु 18 से 60 वर्ष होना तथा विगत एक वर्ष में न्यूनतम 90 दिन भवन एवं अन्य संनिर्माण में कार्यरत होना जरूरी है। इस संबंध में संबंधित सभी नगरीय निकायों और पंजायतों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिये गये है। पंजीयन के पश्चात श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं को सीधा लाभ मिलेगा।