Highlights

देश / विदेश

मोगा में नकाबपोश बदमाशों का आतंक: यूपी के मजदूरों पर सरेराह दागीं गोलियां, बंबीहा गैंग से जुड़ रहे तार

  • 11 Feb 2026

मोगा। पंजाब में यूपी और बिहार के मजदूरों पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना को दो से तीन नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दिया। इन लोगों ने पंजाब के मोगा जिले में उस वक्त मजदूरों पर हमला किया, जब वे मिल से मजदूरी करके लौट रहे थे। इस घटना के बाद पंजाब में प्रवासी मजदूरों और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। बीते कुछ महीनों में ऐसे वाकये सामने आए थे, जब बाहरी लोगों को राज्य से बाहर निकलने के फरमान जारी कर दिए गए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार की सुबह हुई थी, जब राइस मिल से मजदूर 11 बजे वापस लौट रहे थे।
मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार तीन नकाबपोश बदमाशों ने इन मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला किया। तीन से चार गोलियां दागी गईं, जिनमें दो मजदूर घायल हो गए। इलाके के लोगों का कहना है कि शायद इस घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की गई थी। इलाके में वे बदमाश तीन से चार बार आए थे और फिर अंत में फायरिंग करके तुरंत ही भाग निकले। कुछ खबरों के मुताबिक बंबीहा गैंग ने प्रवासी लोगों को धमकी भी दी है।
हमले में घायल मजदूरों की पहचान अशोक कुमार और सुबोध के रूप में हुई है। दोनों ही यूपी के रहने वाले हैं। उनके पैरों में गोलियां लगी हैं और उनका मोगा के ही सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन मजदूरों ने मिल में काम सुबह ही शुरू कर दिया था। ये लोग 11 बजे के आसपास कुछ खाने के लिए बाहर निकले थे और इसी दौरान हमले का शिकार हो गए। पंजाब पुलिस का कहना है कि इसे हेट क्राइम नहीं माना जा सकता। इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है और हमले को जायज बताने की कोशिश हुई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान