बरेली. हरियाणा के गुरुग्राम से ऑटो चालक मनोज और उनके दो बेटों का अपहरण करने वाले बदमाशों का अंत बरेली में एक भीषण सड़क हादसे में हो गया. शनिवार 4 अप्रैल को किडनैप किए गए मयूर और लक्ष्य को बदमाश बोलेरो से कहीं शिफ्ट करने ले जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी बरेली-रामपुर हाईवे पर ट्रक से टकरा गई. इस घटना में आरोपी मनमोहन, सिकंदर और विशेष की मौत हो गई, जबकि प्रिंस नामक आरोपी घायल है. पुलिस जांच में यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक रंजिश से जुड़ा पाया गया है, जिसमें आरोपियों ने फिरौती और धमकी का सहारा लिया था.
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो कार आगे चल रहे ट्रक टैंकर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नई बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देख दंग रह गई. गाड़ी में तीन युवकों की लाशें फंसी थीं, जबकि एक युवक और दो मासूम बच्चे बेहोशी की हालत में मिले. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां संदिग्ध गतिविधियों के कारण पुलिस को किडनैपिंग का शक हुआ.
जांच में पता चला कि 4 अप्रैल को गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 इलाके से ऑटो चालक मनोज और उनके दो बेटों, 6 वर्षीय मयूर और 3 वर्षीय लक्ष्य का अपहरण किया गया था. मनोज की पत्नी पूजा ने बताया कि पति का फोन आने पर बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।.बदमाशों ने पूजा को चेतावनी दी थी कि अगर पुलिस को खबर की तो लाशें मिलेंगी. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और इस अचानक हुए हादसे ने बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
साभार आज तक
देश / विदेश
मौत बनकर दौड़ी किडनैपर्स की गाड़ी: बरेली हाईवे पर भीषण हादसा, तीन आरोपी ढेर, दोनों बच्चे सुरक्षित
- 07 Apr 2026



