Highlights

इंदौर

माता स्वरूप कन्याओं का पूजन कर खोला व्रत, माता मंदिरों में हवन-यज्ञ व कन्या पूजन के साथ हुए भंडारे

  • 05 Oct 2022

इंदौर। शारदीय नवरात्र पर्व का अंतिम दिन पूर्ण श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण रहा। शहर सहित अंचल मां शक्तिदात्री की आराधना में डूबा रहा। नवमी पर कन्या पूजन के साथ ही नवरात्र संपन्न हो गए। इस दौरान मंदिरों में भंडारे का भी आयोजन किया गया। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किया।
मंगलवार को सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। घरों में लोगों ने नवरात्र के व्रत का पालन करते हुए नौ दिन तक व्रत रखने के बाद नवमी पर सुबह कन्या पूजन कर मां का आशीर्वाद लिया। मां दुर्गा के स्वरुप कन्याओं के पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने व्रत खोला।
पर्व के दौरान माता का जागरण और महिला मंडल एवं बालिकाओं द्वारा रात्रि में सुंदर गरबों की प्रस्तुतियां दी गई। अष्टमी एवं नवमी पर अनेक स्थानों पर सुबह से ही हवन यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान, कन्या पूजन के साथ ही कन्या भोज और विशाल भंडारों के आयोजन हुए।
मंगलवार नवमीं के दिन विश्व शांति एवं अमन चैन के लिए माताजी की पूजा अर्चना के साथ यज्ञ का के पश्चात महाआरती के बाद कन्या पूजन एवं भोज का भी आयोजन जगह-जगह पर संपन्न हुआ।