नई दिल्ली. अप्रैल के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है, वहीं इस बार मौसम ने पूरी तरह करवट ली हुई. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में ठंडक लौट आई है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को फरवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है... दिनभर बादल, तेज हवाएं और रुक-रुक कर बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है.
दिल्ली-NCR में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं. मौसम विभाग के मुताबिक, आज शाम और रात में भी हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि गुरुवार के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने लगेगा, जिसके साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अगले 5–6 दिनों में पारा करीब 5 से 6 डिग्री तक चढ़ सकता है, यानी ठंडक ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है.
वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम ने लोगों को चौंका दिया है. 7 अप्रैल से शुरू हुई बारिश और बर्फबारी का दौर अब भी जारी है. देहरादून में लगातार बारिश हो रही है, जबकि यमुनोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर रही है. टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में भी दिनभर बारिश से ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग का कहना है कि यह असर अभी कुछ समय और बना रह सकता है.
साभार आज तक
देश / विदेश
मौसम का यू-टर्न: दिल्ली में बादल-बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी, अप्रैल में लौटी ठंडक
- 09 Apr 2026



