Highlights

इंदौर

मई में रोज 7279 लोगों ने की हवाई यात्रा, प्रतिदिन औसतन 68 उड़ानें

  • 07 Jun 2022

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर यात्रियों की रौनक फिर नजर आने लगी है। मई में हर दिन औसतन 7279 यात्रियों ने सफर किया, जबकि हर दिन औसतन 68 उड़ानों का संचालन हुआ। उम्मीद की जा रही है कि जुलाई से यात्रियों और उड़ानों की संख्या में वृद्धि होगी।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद उड़ानों और यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। केन्द्र ने भी घरेलू यात्री उड़ानों को पूरी क्षमता से संचालित करने का निर्णय लिया है। इससे भी संख्या बढ़ी है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस माह के अंत तक हमारा रनवे का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद इंदौर से रात में भी उड़ानें संचालित होंगी। मई में यात्री संख्या भी बढ़ी है। मई में इंदौर एयरपोर्ट से 2 लाख 28 हजार 768 यात्रियों ने सफर किया है। इस दौरान 2115 उड़ानों का संचालन हुआ है। वहीं अप्रैल में एक लाख 98 हजार 910 यात्रियों ने सफर किया था। इस दौरान 2037 उड़ानों का संचालन हुआ था। पिछले साल दिसंबर में यात्रियों की संख्या दो लाख के पार पहुंची थी। कोरोना के पहले इंदौर एयरपोर्ट से एक साल में रिकार्ड 30 लाख यात्री सफर कर चुके हैं। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या अब पहले जैसे हो जाएगी।