Highlights

इंदौर

मकान के नाम पर लाखों की ठगी

  • 29 Aug 2022

इंदौर। एक आरोपी ने मकान का सौदा किया और रुपए भी ले लिए, लेकिन रजिस्ट्री करने की बारी आई तो बहानेबाजी करने लगा और किसी दूसरे को मकान बेच दिया। इस तरह से आरोपी ने 29 लाख रुपए की चपत लगाई है।
लसूडिय़ा पुलिस ने बताया कि अनुकूल अवस्थी पिता अशोक कुमार निवासी कडाबीन की शिकायत पर कुरैश रामपुरवाला पिता शब्बीर हुसैन निवासी सैफी नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि प्लैटिनम पैरेडाइज कॉलोनी निपानिया में डुप्लेक्स भवन का सौदा किया था। आरोपी ने इसके बदले में फरियादी से 29 लाख रुपए भी नकद ले लिए। रुपए लेने के बाद आरोपी ने विक्रय अनुबंध भी किया। आरोपी से जब रजिस्ट्री की बात की गई तो वह बहाने बनाता रहा। इसी बीच उन्हें पता चला कि यह मकान आरोपी ने शिवप्रताप यादव एवं कृष्णपालसिंह यादव के नाम रजिस्ट्री कर दी गई है। इसके बदले में रुपए लेकर मकान का कब्जा भी उसे सौंप दिया गया। इस तरह से आरोपी ने दो लोगों को मकान का सौदा कर रुपए ले लिए हैं। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी से जब दो मंजिला मकान का सौदा हुआ तो उसने कागज बताए थे। आरोपी को कहना था कि उसने अरमान बानो से इस मकाना का सौदा 27 लाख 50 हजार में किया है। सौदे के समय तय हुआ था कि जब भी फरियादी पक्ष कहेगा तब आरोपी संबंधित महिला को पंजीयन कार्यालय पर लाकर मकान की रजिस्ट्री कर देगा। आरोपी ने ऐसा नहीं किया और फरियादी को लाखों की चपत लगा दी।