Highlights

इंदौर

मनोरंजन पार्क में सफारी-एडवेंचर्स राइड नहीं होगी शुरू, सिर्फ पैदल घूम सकेंगे पर्यटक

  • 20 Sep 2022

इंदौर। 190 एकड़ में फैला मनोरंजन पार्क में बरसात की वजह से यहां की व्यवस्था में अफसरों को बदलाव करना पड़ा है। सफारी और एडवेंचर्स राइड को फिलहाल शुरू नहीं करने का फैसला लिया है, क्योंकि तालाब का अधिकांश पानी इन दोनों ट्रैक पर फैल चुका है। इससे वहां ट्रैक बुरी तरह खराब हो गए हैं। वन विभाग ने अब सिर्फ पर्यटकों को पार्क में पैदल घूमने की इज्जात दी है। वैसे पैदल ट्रैक का काम अक्टूबर में पूरा हो किया जाएगा। ताकि नवंबर तक पार्क को पर्यटकों के लिए खोला जा सके।
उमरीखेड़ा स्थित पार्क को लेकर वनमंडलाधिकारी नरेंद्र पंडवा ने निरीक्षण किया। यहां सफारी और एडवेंचर्स राइड के लिए तैयार ट्रैक का जायजा भी लिया। बरसात के पानी से बुरी तरह खराब हो चुके इन दोनों ट्रैक को बंद किया जाएगा। इन्हें सुधारने में विभाग को छह महीने का समय लग सकता है। ओपन जीप से सफारी का आनंद उठाने के लिए पर्यटकों को कुछ महीनों का इंतजार करना होगा, जबकि पैदल ट्रैक 70 प्रतिशत ठीक है। मगर दोबारा यहां भी काम करवाने की आवश्यकता है। इसके लिए डीएफओ ने जल्द काम करवाने के लिए स्टाफ को निर्देश दिए है।