Highlights

इंदौर

महीनों बाद इंदौर आया एयर एशिया का विमान, बरात लेकर बेंगलुरु हुआ रवाना

  • 30 May 2022

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को एयर एशिया का विमान आया था। यहां से यात्रियों को लेकर विमान बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया। कई महीनों बाद एयर एशिया का विमान इंदौर आया है। इधर शाम को जाने वाली इंडिगों की बेंगलुरु उड़ान का समय राष्ट्रपति के दौरे के चलते बदल दिया गया है। इस दौरान 45 मिनट तक इंदौर हवाई क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन  रखने के आदेश थे।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार रविवार सुबह एयर एशिया की उड़ान संख्या आइ5 9002 इंदौर आई। इसके बाद सुबह 11.25 बजे यह विमान यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया। यह एक चार्टर्ड उड़ान थी, जिसे बरात ले जाने के लिए बुक किया गया था। एयर एशिया कोरोना काल के पहले तक इंदौर से मुंबई, दिल्ली और गोवा के लिए उड़ान संचालित करती थी। लेकिन कोरोना काल के बाद एयर एशिया ने इंदौर से अपना कामकाज समेट लिया था। अब एयर एशिया इंदौर से अपनी नियमित उड़ानों का संचालन नहीं करती है। इंदौर से बीते कुछ समय से चार्टर्ड उड़ान में बरात ले जाने का चलन बढ़ा है। लोग डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पूरा विमान ही बुुक कर लेते हैं। यहां से पूर्व में इंडिगो सीधे कोलंबो के लिए भी उड़ान संचालित कर चुकी है। इसके अलावा जोधपुर, जयपुर के लिए भी कई बार चार्टर्ड उड़ान संचालित हो चुकी हैं।
बेंगलुरु उड़ान का समय बदला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के रविवार शाम को इंदौर एयरपोर्ट से दिल्ली जाने के दौरान 45 मिनट तक इंदौर एयरपोर्ट पर नो फ्लाइंग जोन का आदेश था। इसके कारण इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी बेंगलुरु उड़ान का समय बदल दिया। यह फ्लाइट निर्धारित समय से 55 मिनट देरी से रवाना होगी। यात्रियों को इसकी सूचना दे दी गई है।