इंदौर। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव वर्ष के इंदौर सहित देशभर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकांश लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाया है। स्वतंत्रता दिवस बीतने के पश्चात कई लोग इन तिरंगों पर ध्यान नहीं देते हैं। इसके कारण कई बार तिरंगे फट जाते हैं, तो कहीं सड़कों पर गिर जाते हैं। ऐसे में शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहरवासियों से आज तिरंगे को सम्मानपूर्वक संभाल कर रखने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि हम सभी ने मिलकर हर्ष-उल्लास के साथ 15 अगस्त को भारत के सबसे बड़े राष्ट्रीय महापर्व स्वतंत्रता दिवस का जश्न उत्साहपूर्वक जनभागीदारी के साथ मनाया है। शहर के निजी प्रतिष्ठानों से लेकर हर गली-मोहल्लों और यहां तक कि घरों पर भी हमने हमारी राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक तिरंगा झंडा लहराया है। हमने अद्भुत दृश्य भी देखा कि छोटे-छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर स्कूल जा रहे हैं, देश भक्ति के गीत, कविताएं गा रहे हैं, युवा तरुणाई अपने वाहनों पर राष्ट्र के गौरव तिरंगा ध्वज लगाकर जोशीले अन्दाज में नगर भ्रमण कर देशभक्ति की गौरव गाथा प्रदर्शित कर रहे हैं।
महापौर भार्गव ने कहा कि देशप्रेमी, उत्सव प्रेमी, संस्कृति प्रेमी शहर के नागरिकों में आप सभी से आग्रहपूर्वक एक अपेक्षा और अनुरोध करता हूं कि स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन यानी आज मंगलवार को सभी लोग अपने लहराए गए तिरंगा को संभाल कर रखें। जिस तिरंगे की आन, बान और शान के लिए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों को न्योछावर कर भारतवासियों को आजादी का अमृत दिया है। अनेक बार यह देखने में आया है कि 15 अगस्त के महापर्व के बाद राष्ट्रध्वज को वहीं छोड़ कर चले जाते हैं.... कई बार ध्वज फटा हुआ.... या फिर जमीन पर गिरा हुआ दिखाई देता है।
इंदौर
महापौर भार्गव ने शहरवासियों से तिरंगा संभाल कर रखने का किया अनुरोध
- 17 Aug 2022