Highlights

खेल

यूएस ओपन : महिलाओं को हल्की गेंद देने से महिला खिलाड़ी नाराज

  • 25 Aug 2022

न्यूयॉर्क। साल का अंतिम टेनिस ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन 29 अगस्त से शुरू होगा। इसमें महिला और पुरुषों को पुरस्कार राशि एकसमान मिलेगी लेकिन गेंद एक जैसी नहीं। पुरुषों को अलग और महिलाओं को अलग गेंद से खेलना होता है। इसके खिलाफ महिला खिलाड़ी समय-समय पर आवाज उठाती रहीं हैं। पूरे टूर्नामेंट में 300 खिलाड़ी करीब 70 हजार गेंदों का इस्तेमाल करेंगे।
हाल ही में विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी इगा स्विायातेक ने भी महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग तरह की गेंद दिए जाने पर सवाल खड़े किए थे। पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं को हल्की गेंद मिलती है। पोलैंड की इगा स्वियातक का मानना है कि हल्की गेंद का नियंत्रित करना कठिन होता है। दो बार की फ्रेंच ओपन चैंपियन इगा ने कहा, मुझे पिछले 15 वर्षों में ऐसा कोई मामला नहीं दिखा, जिसमें किसी महिला खिलाड़ी को टेनिस एल्बो की समस्या आई हो।
क्या है अंतर
यूएस टेनिस एसोसिएशन के अनुसार गेंद के आकार और बनावट में कोई अंतर नहीं है। सिर्फ इसके वजन में हल्का अंतर होता है। दरअसल भारी गेंद हार्ड कोर्ट पर पुरुषों को नियंत्रित करने और हल्की गेंद महिलाओं के खेल में गति देने के लिए इस्तेमाल में लाई जाती है। वहीं, अब शीर्ष महिला खिलाड़ी भी हार्ड कोर्ट पर पुरुषों के बराबर ही भारी गेंद दिए जाने की मांग करने लगी हैं। महिला टेनिस संघ की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एमी बाइंडर ने कहा, खिलाड़ियों द्वारा अपनी चिंता व्यक्त करने के मद्देनजर संगठन इस मामले का पता लगाएगा। महिलाओं वाली गेंद हवा में तेज उड़ती है, जिससे उसे नियंत्रित करना आसान नहीं होता।
साभार अमर उजाला