बहराइच। यूपी के बहराइच में रविवार की आधी रात करीब 1:30 बजे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संपत्ति के मामले को लेकर शुरू हुई कहासुनी में बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने विरोध किया तो उस पर भी छोटे भाई ने हमला कर कर दिया। इससे वह भी घायल हो गया। संघर्ष में हमलावर भाई भी घायल हुआ है।
घटना रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की है। ग्रामीणों की सूचना पर, चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला व 112 पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चरदा भेजा। वहां चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) तथा बहन पार्वती (35) के मृत होने की पुष्टि की।
वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (33) तथा निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। निरंकार की हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
तड़के पहर ही थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी तथा पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हर पहलू पर जांच की जा रही है।
वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। घर के भीतर खून के निशान और टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी मिली हैं। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद की गई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
यूपी के बहराइच में सामूहिक हत्याकांड: आधी रात को कुल्हाड़ी से पूरे परिवार को काट डाला, 4 की मौत
- 02 Mar 2026



