Highlights

इंदौर

युवा दिवस पर बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह- स्वस्थ शरीर के लिए योग जरूरी

  • 12 Jan 2023

 इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आदर्श हैं। जीवन में आगे बढऩे के लिए स्वामी विवेकानंद को जरूर पढऩा चाहिए। मैं पढ़ता हूं, इससे मुझे रोजाना नए काम करने की प्रेरणा मिलती है।
वह यहां राष्ट्रीय युवा दिवस पर आरएपीटीसी मैदान महेश गार्ड लाइन में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में बच्चों से बात कर रहे थे। इंदौर में सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में चार हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों और संंगठनों में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस 12 जनवरी को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देशभर में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बच्चों से कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था, मनुष्य केवल साढ़े तीन हाथ का हाड़-मांस का पुतला नहीं है। वह अमृत का पुत्र है, ईश्वर का अंश है, अमर-आनंद का भागी है और अनंत शक्तियों का भंडार है। दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं जो वो न कर सके। हम बड़े से बड़ा काम करने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि सामान्य जीवन नहीं जीयेंगे हम बड़ा काम करना पड़ेगा। इसके लिए शरीर को स्वस्थ रखना होगा। योग करना चाहिए। दुनिया भी अब कर रही है। योग में सूर्य नमस्कार सबसे कारगर है। इसमें लगभग सारे आसन आ जाते हैं। मेरे बच्चों, शरीर में शक्ति होगी, तभी तुम कोई बड़ा काम कर सकोगे। स्वस्थ शरीर के लिए योग और व्यायाम करो। इसके माध्यम से ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है।
जिला पंचायत इंदौर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा ने बताया कि जिले में मुख्य समारोह के अलावा अनेक स्थानों पर सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन होंगे। विभिन्न संगठनों और संस्थानों में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम करने की तैयारी शुरु कर दी है। प्रशासन ने सामूहिक सूर्य नमस्कार की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शहर में थे। उन्होंने इंदौर में आरपीटीसी मैदान में होने वाले सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में हिस्सा लिया।