Highlights

इंदौर

युवा पीढ़ी को आजादी तथा तिरंगे के महत्व से अवगत कराना है हर घर तिरंगा अभियान का मुख्य उद्देश्य - कलेक्टर

  • 05 Aug 2022

प्रत्येक जिलावासी स्वाभिमान एवं गरिमा के साथ फहरायें तिरंगा - पुलिस आयुक्त
इंदौर। आजादी के 75वें वर्ष के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संपूर्ण देश तथा प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक "हर घर तिरंगा अभियान" आयोजित किया जा रहा है। इंदौर जिले में भी इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रविंद्र नाट्य गृह में जिले के सभी केंद्रीय तथा राज्य के विभागीय अधिकारियों, सार्वजनिक उपक्रम तथा सभी बैंक मैनेजर्स की बैठक आहूत की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर मनीष सिंह, अपर कलेक्टर द्वय अजय देव शर्मा एवं डॉ अभय बेडेकर, एकेवीएन के एमडी रोहन सक्सेना, आईडीए के सीईओ आर.पी. अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी शासकीय अधिकारियों तथा बैंक कर्मियों ने इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने तथा अपने-अपने कार्यालयों तथा घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने का संकल्प लिया।
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव नए विचारों और संकल्पों का अमृत है। इसी दिशा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 से 15 अगस्त तक देश के हर घर में तिरंगा फहराए जाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रदेश स्तर पर इस संकल्प को पूर्ण करने की जिम्मेदारी उठाई है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए इसे जन आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी इस आंदोलन में व्यक्तिगत रूप से सम्मिलित हो और तिरंगे के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि हमारी आगे आने वाली युवा पीढ़ी को इस में सहभागी बनाकर आजादी तथा तिरंगे की गौरवशाली गाथा उनके समक्ष प्रस्तुत करें।
अभियान को सफल बनाने के लिए अपनाएं पुश फैक्टर
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को प्रत्येक जनमानस तक पहुंचाने के लिए सभी शासकीय अधिकारियों को पुश फैक्टर अपनाना पड़ेगा। हमें विकेंद्रीकृत रूप से इस अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उदाहरण के तौर पर जल जीवन मिशन के तहत गठित समिति गांव-गांव जाकर लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। बैंक मैनेजर भी अपने सभी अकाउंट होल्डर को यह संदेश दे सकते हैं कि आजादी के 75वें वर्ष में तिरंगे को फहराकर देश की प्रगति में सहभागी बन सकते हैं। कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि तिरंगे के महत्व को समझने के लिए जरूरी है कि जिले का प्रत्येक व्यक्ति सशुल्क तिरंगे को खरीदे। उन्होंने बताया कि पूरे इंदौर जिले में कुल 7 लाख 87 हजार 214 परिवार अपने-अपने घरों पर तिरंगे लगायेंगे। तिरंगे के वितरण के लिये नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में दो केंद्र बनाए गए हैं साथ ही जोनल मुख्यालय तथा नगर निगम के मुख्यालय भवन पर भी तिरंगे विक्रय किए जाएंगे।
अल्पज्ञात नायकों की गाथाओं को रेखांकित करेगा यह उत्सव
पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र ने कहा कि देश के गौरव का प्रतीक है हर घर तिरंगा अभियान। इस अभियान के माध्यम से हमारी युवा पीढ़ी तिरंगे के सम्मान की अनुभूति कर सकेगी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमें अवसर प्रदान कर रहा है कि हम स्वतंत्रता संग्राम के अल्पज्ञात नायकों की प्रेरणास्पद गाथाओं से अवगत हो सकें। यह उन नायकों की भूमिका को रेखांकित करने का उत्सव है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे ना केवल इस कार्यक्रम के साक्षी बने बल्कि इसे जन-जन तक पहुंचाएं ताकि जिले का एक-एक परिवार पूरे स्वाभिमान और गरिमा के साथ तिरंगे को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर फहराये।