Highlights

इंदौर

युवक की हत्या, आरोपी पकड़ाया

  • 14 May 2022

इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की हथौड़ी मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्त में लिया है। मृतक पेंटर था, जिसका आरोपी की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रामकृष्ण पिता बलरामसिंह बिजौले निवासी पीपल्याकुमार है। उसका सोलंकी नगर में रहने वाली महिला से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रामकृष्ण के भाई राजवीर ने पुलिस को बताया कि रामकृष्ण अक्सर महिला के पास जाता रहता था। गुरुवार रात भी वह महिला से मिलने उसके घर गया था। शुक्रवार सुबह आठ बजे पड़ोसी विजय ने घर आकर बताया कि रामकृष्ण पर हमला हुआ है। परिजन उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि रामकृष्ण के घर आने पर पति नाराज हो गया। दोनों में कहासुनी हुई तो महिला और रामकृष्ण ने पति की पिटाई कर दी। रात में तो वह बाहर सो गया लेकिन तड़के उठा और हथौड़ी से सिर पर वार कर दिया था। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। अब उससे पूछताछ की जा रही है।