इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में सूनसान जगह पर आज सुबह बोरे में युवक की लाश मिली। उसके हाथ-पैर बंधे थे और सिर में चोट का निशान भी था, जिसके चलते पुलिस का कहना है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को यहां पर फेंका गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। युवक का शव स्कीम नंबर 155 में आईडीए मल्टी के समीप खाली जगह पर मिला। आज सुबह जब कचरा साफ करने के लिए निगम का दल वहां पर पहुंचा तो उन्हें यह शव मिला। बोरे में बंद शव के हाथ-पैर बंधे हुए हैं। उनके सिर में भी चोट के निशान हैं। इसी के चलते हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आज सुबह नगर निगम के कर्मचारियों ने सूचना दी थी। इस पर पुलिस का दल वहां पर पहुंचा। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 45 से 50 साल के लगभग लग रही है। जिस तरह से शव को बोरे में बंद कर फेंका गया है उससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है।
शव के सिर पर चोट के निशान हैं। इसी के चलते आशंका व्यक्त की जा रही है कि कहीं और हत्या की गई है और इसके शव को यहां लाकर डंप किया गया है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज निकाल रही है। आसपास के इलाके में लापता लोगों की तलाश की जा रही है। उसकी शिनाख्ती के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। गौरतलब है कि इससे पहले खजराना में इस तरह से लाश बरामद की गई थी। उस मामले में पुलिस ने 24 घंटे में अंधेकत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्त में ले लिया था।
इंदौर
युवक की हत्या, बोरे में बांधकर फेंका शव, हाथ-पैर बंधे मिला शव, सिर में चोट के निशान
- 12 Sep 2022



