इंदौर। प्रेम विवाह करने वाले एक युवक की हत्या का प्रयास करते हुए आरोपियों ने उसे चाकू से बुरी तरह गोद दिया। आरोपियों ने बहाने से उसे बात करने के लिए बुलाया था। इस दौरान विवाद कर उस पर हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों पर जानलेवा हमले की धारा में केस दर्ज किया है।
घटना खजराना थाना क्षेत्र की है। सलमान खान पिता आलम खान निवासी साहू खेड़ी की शिकायत पर शाहरुख और शहनवाज के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने भाई फारुख खान को जान से मारने की नीयत से चाकू मार दिए थे। टीआइ खजराना दिनेश वर्मा ने बताया कि घायल ने आरोपी पक्ष की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच में विवाद चल रहा है। चार महिनों से चल रहे विवाद में घायल अपने परिवार साथ में बात करने के लिए वहां पर आया था। बातचीत के दौरान उनके बीच में विवाद हो गया। इस पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लड़की से शादी करने वाले फारूख पर चाकू से हमला कर दिया। उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जब उसका भाई सलमान उसे बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसे भी डंडे से पीट दिया। युवक को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया,जहां पर अभी उसका इलाज चल रहा है।
इसी प्रकार भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक छात्र को आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलकित माहेश्वरी निवासी इटारसी, हाल भोलाराम उस्ताद मार्ग की शिकायत पर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी एबी रोड पर स्थित बस स्टॉप पर मिल गए थे। वहां पर आरोपी ने विवाद करना शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट की और चाकू मारकर वहां से भाग गए।
इंदौर
युवक पर जानलेवा हमला, प्रेम विवाह करने के बाद से चल रहा था विवाद
- 14 Sep 2022