Highlights

इंदौर

युवक पर प्राणघातक हमला, तीन बदमाशों ने तलवार और टामी से किए वार

  • 11 Oct 2022

इंदौर। एक युवक की हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। तीन लोगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। तलवार और टामी से उस पर वार किए गए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
परदेशीपुरा पुलिस ने बताया कि संजय पिता लक्ष्मणराव मोरे (42) निवासी नई जीवन की फेल की रिपोर्ट पर इसी क्षेत्र में रहने वाले ओमप्रकाश उर्फ आम्बू, आशीष मोरे और गोलू के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कल गणेश किराना दुकान के सामने शराब पीकर गाड़ी चलाने का कहने की बात को लेकर संजय का आरोपियों से विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए तलवार और लोहे की टामी से जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। संजय के सिर में वार होने से वह वहीं पर ढेर हो गया। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हुई तो तीनों धमकाते हुए यहां से भाग निकले। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को असपताल पहुंचाया। वहीं मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुराने विवाद में चाकूबाजी
इसी प्रकार पुराने विवाद में युवक पर बदमाश ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और भाग निकला। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धरदबोचा। हमलावर से गुब्बारे वाले का कुछ साल पहले शराब पीने की बात पर विवाद हुआ था। बीती रात उसने बदला लिया। चंदन नगर पुलिस के अनुसार राकेश पिता बाबूलाल चौहान निवासी ब्यासनगर की शिकायत पर आरोपी किशोर निवासी चंदन नगर चौराहा के खिलाफ  चाकूबाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरियादी राकेश ने बताया कि बीती रात वह चौराहे के पास खड़ा होकर गुब्बारे बेच रहा था। उसी समय आरोपी किशोर उसके पास आया और पुराने विवाद को लेकर बहस करने लगा। आरोपी ने गालियां दी। फरियादी राकेश ने उसे विवाद न करने को कहा तो आरोपी ने हमला कर दिया। पहले मारपीट की फिर दौड़ कर अपने घर गया और चाकू लाकर हमला कर दिया और भाग निकला। पुलिस ने रात में ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।