मलयाली समाज में छाया ओणम का उल्लास
इंदौर। मलयाली समाज द्वारा गुरुवार को ओणम हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर राजा बलि का आव्हान किया गया। समाजजन ने एक दूसरे को बधाई दी। मलयाली बहुल क्षेत्र में उत्सवी उल्लास छाया हुआ है। इंदौर के अयप्पा मंदिर में सात सौ किलो फूलों की आकर्षक रंगोली बनाई गई।
महालक्ष्मी नगर स्थित गणेश एवं अयप्पा मंदिर में मलयालम मास के चिंगम के तिरुओनम नक्षत्र के दिन ओणम त्योहार मलयाली समाज द्वारा हर्षोल्लास से मनाया गया। अयप्पा मंदिर में 700 किलो फूलों की रंगोली बनाई गई। इसमें मलयाली समाज के लोगों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। इस अवसर पर 250 किलो अड़ा प्रधमन ( केरल का पारंपरिक खीर ) बनाया गया और वितरित किया गया।
सभी धर्म के लोग मनाते हैं त्योहार को
लार्ड अयप्पा चेरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष साजन पणिकर ने कहा कि ओणम केरल का एक प्रमुख त्योहार है। ओणम केरल का सर्व धर्म के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला पर्व है। ओणम का उत्सव अगस्त-सितंबर में राजा महाबली के स्वागत में प्रति वर्ष आयोजित किया जाता है जो दस दिनों तक चलता है। उत्सव त्रिक्काकरा (कोच्चि के पास) केरल के एक मात्र वामन मंदिर से प्रारंभ होता है। ओणम में प्रत्येक घर के आगन में फूलों की पंखुडिय़ों से सुंदर रंगोली (पूकलम) डाली जाती हैं। युवतियां उन रंगोलियों के चारों तरफ वृत्त बनाकर उल्लास पूर्वक नृत्य (तिरुवाथिरा कलि) करती हैं।
इंदौर
राजा बलि के स्वागत के लिए 700 किलो फूलों से बनाई रंगोली
- 09 Sep 2022