Highlights

इंदौर

राजीव गांधी चौराहे से हटेगी लंबे समय से बाधक गोल रोटरी

  • 16 Jun 2022

इंदौर। रिंगरोड पर राजीव गांधी चौराहे पर लंबे समय से ट्रैफिक में बाधक लंबी - चौड़ी गोल रोटरी हटाने के मामले में अब तेजी नजर आने लगी है। भीतर नई रोटरी बनाने का लंबे समय से बंद काम अब पिछले कुछ समय से तेजी के साथ चल रहा है। जिससे अब स्वच्छता के साथ शहर ट्रैफिक में भी नंबर वन बने ऐसी योजना पर अब काम नजर आने लगा है।
दरअसल इस चौराहे पर भीतर की जगह में गोलाई कमकर नई रोटरी बनाने का काम किया जा रहा है। दरअसल ट्रैफिक विभाग और निगम द्वारा पूर्वी रिंगरोड के प्रमुख चौराहों को संवारने और ट्रैफिक में सालों से बाधक बड़ी गोल रोटरीयां छोटी कर इन्हें हटाने का अन्य चौराहों पर भी काम किया जा रहा है। निगम की प्लानिंग के हिसाब से राजीव गांधी चौराहे पर सालों से ट्रैफिक में बाधक बड़ी गोल रोटरी को तोड़कर इसकी गोलाई कमकर इसे नए स्वरूप में संवारने की प्लानिंग है।
इस चौराहे पर राजीव गांधी प्रतिमा के आसपास के हिस्से को संवारने के लिए पिछले साल से सौन्दर्यकरण और संवारने के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। लेकिन पहले धीमी रफ्तार और कई बार काम बंद होने के चक्कर में लंबे समय से ट्रैफिक में बाधक बड़ी गोल रोटरी को तोड़कर इसकी गोलाई कम करने का काम नहीं हो पाया। जबकि अफसरों का दावा था खजराना चौराहे और राजीव गांधी चौराहे का काम एक साथ पूरा हो जाएगा। वहीं अब हालात यह है कि फिलहाल खजराना से भी रोटरी और प्रतिमा हटाकर एलआईजी लिंक रोड़ पर शिफ्टिंग का मामला ठंडा पड़ गया। वहीं इधर राजीव गांधी चौराहे की बड़ी गोल रोटरी हटाकर ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के काम की रफ्तार पहले से कई गुना बढ़ गई है। हालांकि निगम ने इस काम की पिछले साल ही शुरूआत कर दी थी। बाहर की रोटरी तोडऩे से पहले भीतर नई रोटरी बनाने का काम हो रहा था।लेकिन धीमी गति के कारण अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया।