Highlights

इंदौर

राजबाड़ा की फुटपाथी दुकानों को लेकर निगम ने शुरू की सख्ती

  • 01 Aug 2022

पहले करा रहे मुनादी, तीन दिन बाद शुरु करेंगें कार्रवाई
इंदौर। राजबाड़ा में फुटपाथ पर दुकानें लगाने को लेकर एक बार फिर कार्रवाई शुरु की जा रही है। इसको लेकर दो दिन से निगम की टीमें राजबाड़ा पहुंचकर मुनादी कर चेतावनी दे रही है। शनिवार को नगर निगम की टीम राजबाड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों में पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई के बजाए पहले दौर में दुकानदार और फुटपाथों पर कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई है। रविवार से ही निगम की टीम को यहां सतर्क किया गया है ताकि दुकानों को लेकर सख्ती बरती जा सके। सडक निर्माण के कारण राजबाड़ा क्षेत्र के कई इलाकों में यातायात का न केवल कबाड़ा हो रहा है, बल्कि वहां दिनभर में कई बार जाम की नौबत बन जाती है।
शुरूआती दौर में वहां यातायात पुलिस जवान तैनात रहते थे, लेकिन वे अब चालानी कार्रवाइयों में व्यस्त हैं। इसी के चलते वहां की स्थिति और बिगडने लगी है। कई मार्ग बंद पड़े होने के कारण लोगों को अन्य वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ रहा है। कई शिकायतों के बाद निगम की टीम वहां कल कार्रवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन पूर्व के समान दुकानदारों और फुटपाथों पर दुकान लगाने वालों को मुनादी कर वहां दुकानों नहीं लगाने की हिदायत दी। मुनादी के दौरान व्यापारियों से कहा गया कि वे फुटपाथ खाली रखें, ताकि लोगों को आवागमन में दिक्कत न आए। निगम अधिकारियों का कहना है कि मुनादी कर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए फुटपाथों के कब्जेधारियों को चेतावनी देगी, उसके बावजूद स्थिति नहीं सुधरी तो दो-तीन दिनों में वहां कार्रवाई की जाएगी।