Highlights

इंदौर

रात का पारा गिरने से बढ़ी ठिठूरन

  • 09 Dec 2022

इंदौर। उत्तर पूर्वी हवाओं के कारण पिछले दो दिन से शहरवासियों को सर्दी का एहसास हो रहा है। बुधवार से चल रही इन हवाओं के कारण रात के तापमान में एकाएक 5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री कम था। सुबह के समय पूर्वी हवाएं 9 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली वही सुबह 6:30 से 7 बजे तक दृश्यता 2000 मीटर तक दर्ज की गई और धुन्ध का असर देखने को मिला।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह भी शहर में धुंध का असर रहा था और सुबह 6.30 बजे दृश्यता दो हजार मीटर तक पहुंची थी। दिनभर चली उत्तरी पूर्वी हवाओ ने ठंडक का अहसास करवाया। बुधवार सुबह जो न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 15.8 डिग्री था वो गिरकर गुरुवार सुबह 10.1 डिग्री पर पहुंचा। रात से सर्द हवाओं के कारण घर से बाहर निकले लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक एक चक्रवात बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। यह 9 दिसंबर को तमिलनाडु तट से टकराएगा। इसके असर से इंदौर में आगामी दिनों में हवाओं का रुख दक्षिणी होगा और बंगाल की खाड़ी से नमी आने पर शहर में बादल छाएंगे। इसके असर से शहर में 10 से 12 दिसंबर तक तापमान में बढ़ोतरी होगी।