इंदौर। लोगों से लाखों रुपए लेकर माल नहीं देने के मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के मालिक और सहयोगी को हिरासत में लिया है। साबुन,फिनाइल आदि का होलसेल आर्डर लेकर 14.36 लाख हजम करने वाली शर्मा इंटरप्राइजेस के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की। कंपनी द्वारा माल आर्डर के बदले 14,36,200 रुपए लेने के बाद भी माल नहीं दिया गया।
क्राइम ब्रांच को नीरज निवासी द्वारा धोखाधडी संबंधी शिकायत की थी जिसमे आवेदक कंपनी के अधिकारी नीरज द्वारा बताया गया कि कंपनी शर्मा इन्टरप्राईजेस के प्रोपराईटर अमित शर्मा व उनके कर्मचारी सचिन बागर को घरेलू सामान ; जैसे साबुन,फिनाइल आदि का होलसेल आर्डर दिया था। शर्मा इन्टरप्राईजेस के खाते में 5 जुलाई 22 को 14 लाख 36 हजार 200 रुपए की राशि ट्रांसफर कर दी थी।
उसके बाद उक्त कंपनी द्वारा आवेदक कंपनी को गुमराह करते हुए ना तो आर्डर दिये माल की डिलीवरी दी गई और ना ही पैसा लौटाया गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने कनाडिय़ा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कंपनी के प्रोपराईटर अमित शर्मा पिता भगवान शर्मा निवासी स्कीम नंबर 78, अरण्य नगर तथा अन्य सहयोगी नितिन लोधवाल पिता चिरोंजीलाल निवासी विजयनगर को पकड़ा है।
आरोपी कंपनी के प्रोपराईटर अमित शर्मा ने पूछताछ करने पर आवेदक कंपनी से 14 जुलाई को 14 लाख 36 हजार 200 रुपए की राशि स्वयं के खाते में लेकर धोखाधडी करने के लिए कुछ राशि स्वयं के खाते से आईएमपीएस के माध्यम से अन्य आरोपी नितिन लोधवाल के खाते में ट्रांसफर करने की बात स्वीकार करी । आरोपियों के बैंक खाते में 6 लाख 9 हजार 505 रु की राशि फ्रीज कर रिकवर की गई एवं 5 लाख 30 हजार 500 रु नगद बरामद किये गये । आरोपियों ने अन्य राशि खर्च करना बताया जिसे रिकवर करने के प्रयास किये जा रहे है। आरोपी अमित एवं नितिन के विरुध्द थाना कनाडिया पर धारा 420,406,34 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ये भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह आरोपियों ने और किन-किन लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। कई खुलासे होने की संभावना है।
इंदौर
रुपए ले लिए नहीं दिया माल, क्राइम ब्रांच ने कंपनी के मालिक और सहयोगी को गिरफ्त में लिया
- 02 Aug 2022



