Highlights

इंदौर

लाइसेंस के खाली कार्ड की समस्या नहीं हो रही खत्म, लोग परेशान

  • 20 Jul 2022

करीब आठ से दस हजार लाइसेंस पेंडिंग हो गए
इंदौर। आरटीओ में लाइसेंस के खाली कार्ड की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आवेदक परेशान हो रहे हैं। यही हालात गाडिय़ों के पंजीयन कार्ड को लेकर भी है, जिससे गाड़ी खरीदने के कई दिनों बाद तक पंजीयन कार्ड ही नहीं मिल पा रहे है। करीब आठ से दस हजार लाइसेंस पेंडिंग हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों से लाइसेंस के प्रिंट ही नहीं निकल पाए है। खाली कार्ड खत्म होने के कारण प्रींटिंग एक बार फिर बंद हो गई। गौरतलब है कि आरटीओ में अगस्त से लाइसेंस की व्यवस्था केंद्र के सारथी सर्वर पर शिफ्ट हो चुकी है, लेकिन लाइसेंस को प्रिंट करने की जिम्मेदारी स्मार्टचिप कंपनी के पास है। पहले तो फार्मेट को लेकर काफी दिन तक लाइसेंस ही नहीं निकल पाए। लेकिन बार बार लाइसेंस के खाली कार्ड ही खत्म हो जाते है। इंदौर आरटीओ में सबसे अधिक लाइसेंस बनते है।
इधर एजेंटों का कहना है कि आरटीओ में खास लोगों के लिए कार्ड बचा कर रख लिए जाते हैं। इन्हें तत्काल निकाल कर दे दिया जाता है, जबकि आम लोगों को लाइसेंस के लिए भटकाया जाता है। कार्ड प्रींटिंग को लेकर भी लगातार परेशानी आ रही है और प्रिंटर संसाधन भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों को सही कारण नहीं बताया जाता है। बीते करीब ड़ेढ सप्ताह से लोग परेशान है।