Highlights

इंदौर

लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा

  • 11 May 2022

पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी लगाया लाडउस्पीकर, भक्तों ने की महाआरती
इंदौर। हनुमान मंदिरों में लाउड स्पीकर लगाने का क्रम जारी है। चंद्रभागा स्थित प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर के बाद अब मालवा मिल चौराहे पर स्थित पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में भी लाउड स्पीकर लगाया गया है। लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया और अब रोजाना 5 बार इस मंदिर में लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा का पाठ होगा।
हिन्दवी स्वराज संस्था के एडवोकेट अमित पांडेय ने शहर के हनुमान मंदिरों में लाउड स्पीकर लगाने की शुरूआत की है। करीब एक माह पहले चंद्रभागा स्थित प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर में लाउड स्पीकर लगाने से इस अभियान की शुरूआत की गई थी। अब मालवा मिल चौराहे स्थित पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में दूसरा ऐसा मंदिर है जहां लाउड स्पीकर लगाया गया। आगामी माह में इंदौर के बांगड़दा स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में बने हनुमान मंदिर में लाउड स्पीकर लगेगा।
भक्तों ने की हनुमानजी की महाआरती
सोमवार रात बड़ी संख्या में भक्त पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर पर जमा हुए। यहां उन्होंने लाउड स्पीकर और घंटे-घडिय़ाल के साथ हनुमान जी की महाआरती की, भगवा ध्वज लहराया और लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा का पाठ सुना। हिन्दवी स्वराज के एडवोकेट अमित पांडेय बताते हैं कि पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर इंदौर का दूसरा ऐसा हनुमान मंदिर है, जहां लाउड स्पीकर लगाए गए हैं। यहां 5 बार लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा का पाठ होगा। सोमवार रात महा आरती में बड़ी संख्या में हिंदूवादी और हनुमान भक्त शामिल हुए।
अगले माह तीसरे मंदिर में लगेगा लाउड स्पीकर
उन्होंने बताया कि शहर के हनुमान मंदिर में लाउड स्पीकर लगाने का सिलसिला जारी रहेगा। अगले माह के पहले सप्ताह में बांगड़दा रोड़ स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में हनुमान मंदिर में लाउड स्पीकर लगाया जाएगा। यहां भी भगवान की महाआरती कर ये अभियान आगे बढ़ेगा। यहां भी 5 बार लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा सुनाई देगी। शहर के अन्य मंदिरों में लाउड स्पीकर लगेंगे। उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लाउड स्पीकर से अजान पर रोक लगाने की मुहिम काफी वक्त से चलाई जा रही है। पुलिस थानों में भी कई बार आवेदन दे चुके, मगर कुछ नहीं हुआ। इसलिए हनुमान मंदिरों में लाउड स्पीकर पर हनुमान चालीसा पाठ, रामधुन के पाठ की शुरूआत की गई। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।