इंदौर। कभी देश की एकमात्र सरकारी उड़ान कंपनी रही एयर इंडिया के निजी हाथों में जाने के बाद भी उसकी उड़ानों के लेट होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को लगातार तीसरे दिन एयर इंडिया की मुंबई से इंदौर आने वाली उड़ान एक घंटा देरी से आई। इससे कारण इंदौर आने वाले यात्री तो परेशान हुए ही साथी ही जिन यात्रियों को इस उड़ान में आगे दिल्ली की यात्रा करनी थी, वे भी परेशान हुए।
विमानतल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की उड़ान (एआइ-635) सुबह 7.05 बजे मुंबई से रवाना होकर 8.25 बजे इंदौर आती है। यहां से यह उड़ान सुबह 9.15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है। लेकिन रविवार को यह उड़ान सुबह 8.10 बजे मुंबई से रवाना होकर 9.20 बजे इंदौर आई। पिछले करीब तीन दिनों से ऐसा रोजाना हो रहा है, तीन दिन पहले विमान में तकनीकी खराबी की बात भी सामने आई थी। रविवार को भी उड़ान देरी से आने के कारण देरी से ही दिल्ली रवाना हो सकी। इससे मुंबई से इंदौर आने वाले और इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा वे यात्री परेशान हुए, जिनकी दिल्ली से कनेक्टिंग उड़ान थी।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
उड़ान के देरी से आने के कारण यात्रियों ने उड़ान कंपनी के कर्मचारियों के सामने अपनी नाराजगी भी व्यक्त की। उनका कहना था कि रोजाना ही उड़ान लेट हो रही है जिससे हम लोग परेशान हो रहे हैं। वैसे भी हम लोगों को उड़ान के समय से दो-तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पर आना होता है और यहां पर आकर पता लगता है कि उड़ान एक घंटे लेट है। इससे आगे का पूरा शेड्यूल बिगड़ जाता है। एयर इंडिया के स्थानीय अधिकारी इस मामले में कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे थे। उनका कहना था कि तकनीकी दिक्कतों के कारण उड़ान लेट हो रही है।
इंदौर
लगातार तीसरे दिन एयर इंडिया की मुंबई-इंदौर उड़ान हुई लेट
- 18 Apr 2022