Highlights

इंदौर

वन विभाग टीम और ग्रामीणों में विवाद एक वनकर्मी सहित तीन लोग घायल

  • 04 Jun 2022

इंदौर। बडगोंदा थाना क्षेत्र के अड़ापहाड़ में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच गुरुवार देर शाम जमकर विवाद हुआ। विवाद में एक वन विभाग का कर्मचारी और 2 ग्रामीण घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही बडगोंदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद को शांत करवाया।
वन विभाग की टीम ने बताया कि अड़ापहाड़ पर पेड़ काटने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर नाकेदार प्रहलाद राठौर, महू वन विभाग रेंजर सचिन वर्मा और स्टाफ के लोग पहुंचे। तभी रोड पर से कुल्हाड़ी लेकर महेश बारिया निकल रहा था। शक होने पर टीम ने जब मुकेश को रोका तो उसने एक पेड़ काटने की बात कही। जब जंगल में टीम ने जा कर देखा तो 3 पेड़ कटे हुए थे। इस दौरान वन विभाग की टीम और महेश बारिया के परिवार के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग का नाकेदार प्रहलाद राठौर नशे में धुत था। वह महेश के साथ जबरन मारपीट करने लगा। साथ ही घटना के दौरान वन विभाग के कई अधिकारी बोलेरो वाहन में मौजूद थे। वन अमला महेश को उठाकर जंगल में ले गया और उसकी गर्दन पर लात रख कर मारपीट की। घटना देख बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एक हो गए और विवाद बढ़ गया।
वन विभाग और ग्रामीणों के बीच में विवाद के दौरान महेश बारिया की बहन शर्मिला को हाथ में कुल्हाड़ी लग गई। जिससे वह घायल हो गई। शर्मिला का कहना है कि उनके चाचा का देहांत हो गया था। जिससे पूरा परिवार गम में था। इस दौरान महेश और वन कर्मियों में विवाद की सूचना लगी तो हम जंगल में पहुंचे। वन विभाग के लोग महेश के साथ की मारपीट कर रहे थे। जिसका पूरा वीडियो भी हमारे पास है।
ग्रामीणों ने किया हमला- महू रेंजर
महू रेंजर सचिन वर्मा ने कहा कि पेड़ काटने की सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने हम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान हमारा नाकेदार गंभीर रूप से घायल है। वहीं बडगोंदा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अड़ापहाड़ पर वन कर्मी और ग्रामीणों में विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। दोनों की तरफ से मामला दर्ज किया गया है।