Highlights

इंदौर

वसूलीबाज पर केस दर्ज, इंदौर जबलपुर उड़ान हुई निरस्त, लोग परेशान

  • 02 Jul 2022

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह इंदौर से जबलपुर जाने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीते कई दिनों से एयरपोर्ट से उड़ाने लेट हो रही हैं।
प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या सिक्स ई 7316 रोजाना सुबह 6.30 पर जबलपुर के लिए रवाना होती है। शनिवार को इस उड़ान को निरस्त कर दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी ने तकनीकी गड़बडी का हवाला देकर उड़ान को निरस्त करने की बात कही है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि संभवत कम यात्री मिलने पर उड़ान को निरस्त कर दिया गया है। इसमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग करने का विकल्प दिया गया है।
सुबह एयरपोर्ट पहुुंचे यात्रियों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि हमें पूर्व सूचना दी जानी थी। इंदौर से जबलपुर के लिए कोई दूसरी उड़ान भी नहीं है। जिन यात्रियों को जरूरी काम से जबलपुर जाना था। वे सड़क मार्ग से रवाना हुए।
गौरतलब है कि इंदौर से बीते कुछ दिनों से उड़ानों के निरस्त और लेट होने का सिलसिला जारी है। बीते कई दिनों से मुंबई से आने वाली उड़ान लगातार लेट आ रही है, जिससे यहां जाने वाली उड़ान लेट हो जाती है। जानकारी के अनुसार जबलपुर में मौसम खराब रहता है, जिससे दिक्कत होती है। इसलिए कंपनी उड़ान को निरस्त ही कर देती है। एयरलाइंस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कम बुकिंग होने पर एयरलाइंस सीधे उड़ान निरस्त कर देती है। कम संख्या में यात्री होने पर उन्हें दूसरी उड़ान में सीट देने के अलावा किसी अन्य दिन यात्रा करने की सुविधा दी जाती है। इसके अलावा कई यात्री को कंपनी टिकट के पूरे पैसे वापस कर देती है, जिससे यात्रियों को सुविधा हो जाती है।