इंदौर। जिले में शराब के अवैध विक्रय, परिवहन तथा अवैध भंडारण के विरूद्ध कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के निदेर्शानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में आबकारी विभाग के अमले ने गत दिवस कार्रवाई करते हुये दो मामलों में 5 लाख रुपए से अधिक मूल्य की मदिरा वाहन एवं अन्य सामग्री जप्त की। संबंधितों के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त आबकारी श्री मनीष खरे के मार्गदर्शन में की गई है। आबकारी विभाग के नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्री राजीव मुदगल और एडीईओ श्री बी.के. वर्मा ने बताया कि गत दिवस रात लगभग 11 बजे गस्त के दौरान हातोद मार्ग पर शंका के आधार पर चार पहिया वाहन मारुति एस्प्रेसो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 2 पेटी देशी शराब बरामद हुई। वाहन चालक गोलू चंदेल और उसके साथी अजय चंदेल निवासी रिजलई जिला इंदौर के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किया गया है। जप्त शराब एवं वाहन का बाजार मूल्य लगभग 5 लाख रुपए है।
इसके अलावा होटल /ढाबों एवं हाथ भट्टी कच्ची शराब विक्रय करने वालो के विरुद्ध भी कार्यवाही करते हुए कुल 17 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत कायम किए गए। उक्त प्रकरणों में देशी मदिरा के 79 पाव,विदेशी मदिरा के 21 पाव, 65 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, 60 किलोग्राम महुआ लाहान एवं 02 किलोग्राम गीली भांग जप्त की गई। जप्त सामग्री की कीमत लगभग 30 हजार रुपए है। आबकारी द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही लगातार जारी है।
इंदौर
शराब के अवैध परिवहन करने पर वाहन सहित दो पेटी शराब जब्त
- 26 Dec 2022



