Highlights

इंदौर

शहर को बनाएं बेस्ट ट्रैफिक सिटी

  • 16 Jun 2022

यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
इंदौर। इन्दौर यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय सभागृह, तक्षशिला परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम में यातायात पुलिस आयुक्त महेश जैन, उपायुक्त अंजना तिवारी और सहायक आयुक्त अजय चौहान द्वारा यातायात संबंधी नियम, सावधानियां एवं नागरिकों से अपेक्षित सहयोग के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस उपायुक्त अंजना तिवारी ने बताया कि पूरे विश्व में सबसे ज्यादा होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का प्रतिशत हमारे देश भारत का है। इन्दौर में पिछले पाँच महीनों में लगभग 2500 सड़क दुर्घटनाएं हुई और इन दुर्घटनाओं में कुल 106 वाहन चालकों ने अपनी जान गंवाई। वहीं यातायात पुलिस आयुक्त महेश जैन ने विद्यार्थियों को बताया कि यातायात सर्वे के अनुसार अत्यधिक गति से वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण है।
जैन ने आगे बताया कि विद्यार्थी या कोई भी नागरिक यातायात प्रबंधन मित्र के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर यातायात पुलिस को सहयोग कर सकता है। यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझ कर यातायात नियमों का पालन करे तो हम अवश्य ही, ट्रेफिक प्रबंधन के माध्यम से शहर को यातायात के मामले में भी नम्बर- 1 बना सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. रेणु जैन ने विद्यार्थियों को कहा कि विद्यार्थियों को शपथ लेनी चाहिए कि वे हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग कर, सीमित गति में वाहन चलाते हुए, यातायात पुलिस को पूर्णत: सहयोग करेंगे। वहीं कार्यक्रम के अन्त में आभार प्रदर्शन ईएमआरसी के निदेशक डॉ. चन्दन गुप्ता द्वारा किया गया।