इंदौर। ज्वाइंट एट्रेंस एक्जामिनेशन (जेईई) मेन के दूसरे चरण के परिणाम सात अगस्त तक जारी हो सकते हैं। इसके बाद जेईई एडवांस की तैयारी में विद्यार्थी जुट जाएंगे। इस बार परीक्षा लेट होने से कई विद्यार्थी और माता-पिता चिंतित हैं। डर है कि देरी से प्रवेश होने से विद्यार्थियों की तैयारी पर असर पड़ेगा। जेईई के कारण मध्य प्रदेश के इंजीनियरिंग कालेजों में अब तक प्रवेश भी शुरू नहीं हो पाए हैं। जेईई मेन के पहले और दूसरे चरण के परिणाम में से जिसमें बेहतर पर्सेंटाइल प्राप्त होंगे उसके आधार पर जेईई एडवांस में बैठने का मौका मिलेगा। इस बार जेईई एडवांस में करीब 2.5 लाख विद्यार्थियों को बैठने का मौका मिलेगा।
प्रदेश की 44 सीटों पर होगा प्रवेश
जेईई मेन के आधार पर मध्य प्रदेश के करीब 150 कालेजों की 44 हजार सीटों पर प्रवेश होता है। इस बार प्रवेश के लिए काउंसलिंग कराने वाले डायरेक्टोरेट आफ टेक्निकल एजुकेशन डीटीई की ओर से अब तक कोई तैयारी नहीं हो पाई है। विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए कालेजों में जा रहे हैं। इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थी इंजीनियरिंग कालेजों में प्रवेश ले सकते हैं। इसका कारण यह है कि जेईई मेन दो बार हुई है और इससे काफी संख्या में विद्यार्थियों ने जेईई दी है। इंदौर से करीब 20 हजार विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हुए हैं। इंदौर में सबसे ज्यादा डिमांड एसजीएसआइटीएस और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी में प्रवेश के लिए रहती है। जेईई मेन के दूसरे चरण की उत्तर कुंजी भी जल्द जारी हो सकती है।
इंदौर
सात अगस्त तक जारी हो सकते हैं जेईई मेन के दूसरे चरण के परिणाम
- 03 Aug 2022



