कुछ ही घंटों के भीतर दूसरी हत्या, एक में आरोपी पकड़ाया
इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दोस्त ने दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी लाश फेंककर आ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाश बरामद कर ली है। शहर में कुछ ही घंटों के अंतराल में हत्या का दूसरा मामला सामने आया है।
टीआइ दिलीप पुरी के मुताबिक घटना रात करीब डेढ़ बजे सुखलिया की है। मूलत: ग्वालियर निवासी आशीष पिता विमलेंद्र तिवारी कालिंदी गोल्ड (बाणगंगा) सिटी में रहता था। वह एमवाय अस्पताल के सामने स्थित लैब में काम करता था। शराब और गांजा का नशा करने लगा था। शुक्रवार रात आशीष भोपाल से आया और दोस्त अमित उर्फ कालू को कॉल कर कहा कि शराब पिएंगे। दोनों ने शराब खरीदी और सुखलिया स्थित अमित के घर में शराब पीने बैठ गए। नशे में कहासुनी हो गई और अमित ने आशीष पर लोहे की राड से हमला कर दिया।
हत्या के बाद अमित लाश लेकर जा रहा था। उसके पिता राजेंद्र और बड़े भाई ने देख लिया। उसे फटकार लगाई और दोनों पिता-पुत्र थाने पहुंच गए। जब तक अमित स्कूटर पर लाश रख कर सत्यम विहार कालोनी में फैंक कर घर में छुप गया। थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंची और अमित को पकड़ लिया। सख्ती में अमित टूट गया और लाश कहां फैंकी यह भी बता दिया। पुलिस ने लाश बरामद की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। टीआइ के मुताबिक अमित पर चोरी के कईं केस दर्ज है।
तीन घंटे में दूसरी हत्या
शहर में हत्या की दूसरी घटना हुई है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे एमआइजी थाना क्षेत्र स्थित नया बसेरा में इवेंट कंपनी के संचालक तुषार संगर की गैंग आदिल, गोलू सहित अन्य ने चाकू मारकर हत्या की थी। तीन घंटे बाद हीरानगर में आशीष की हत्या हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे नया बसेरा की है। द एड्रेस (निपानिया) निवासी तुषार इवेंट कंपनी चलाता था। रात को वह किसी काम से साथी के साथ छोटी खजरानी जा रहा था। नया बसेरा में आरोपित गोलू, छोटा आदिल, आशुतोष और लोकेश ने उसे रोका और दनादन चाकू मारना शुरू कर दिए। तुषार का साथी जान बचाकर मौके से भाग गया। तुषार वहीं लहूलुहान में पड़ा रहा। जैसे-तैसे उसने पिता राहुल को फोन लगाकर घटना बताई। कुछ ही मिनट में राहुल चंद्र नगर स्थित दफ्तर से मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी घेर लिया। राहुल पर भी चाकू से हमला किया। वे लहूलुहान तुषार को आटो रिक्शा से निजी अस्पताल पहुंचे। खून बहने के कारण तुषार की हालत गंभीर हो चुकी थी। लिहाजा डाक्टर ने उसे देखते ही एमवायएच रैफर कर दिया। एमवायएच में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि गाड़ी टकराने पर चारों आरोपितों ने तुषार से विवाद किया। इस दौरान आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू पैर में लगे हैं। संभवत: अत्याधिक रक्तस्रत्राव की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले।
इंदौर
साथ में शराब पी फिर दोस्त को मार डाला
- 17 Dec 2022