नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच में सामने आया है कि राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल बम से आतंकी हमले की साजिश रच रहे आरोपी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों से वीडियो कॉल के जरिए अंतिम निर्देश लेने वाले थे। योजना के मुताबिक, आरोपी दिल्ली के आनंद विहार और सिविल लाइंस इलाके में तय स्थानों पर पहुंचने के बाद वीडियो कॉल करते, ताकि हैंडलर मौके की स्थिति देखकर हमला कब और कैसे करना है, इसका अंतिम निर्देश दे सकें। बहरहाल हमले से पहले ही स्पेशल सेल ने आरोपियों को दबोचकर साजिश नाकाम कर दी।
जांच अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान ने यूट्यूब वीडियो देखकर पेट्रोल बम बनाना सीखा था। दोनों ने अपने खेत में पेट्रोल बम तैयार किए और उन्हें लेकर दिल्ली पहुंचे। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि उन्हें पुलिस प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश मिले थे।
सूत्रों के मुताबिक, हैंडलरों ने दोनों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि लक्ष्य स्थल पर पहुंचने के बाद ही वीडियो कॉल शुरू करें। कॉल के दौरान पाकिस्तान में बैठे संचालक आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की मौजूदगी और भीड़भाड़ का आकलन करते। इसके बाद मौके की परिस्थितियों के अनुसार हमले का अंतिम आदेश दिया जाना था। इससे संकेत मिलता है कि पूरी साजिश रियल-टाइम मॉनिटरिंग के आधार पर संचालित की जा रही थी।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
स्पेशल सेल का बड़ा एक्शन: दिल्ली को दहलाने की साजिश फेल, पाकिस्तान में बैठे आकाओं से जुड़े थे तार
- 07 Jul 2026



