Highlights

खेल

साबले डायमंड लीग मीट में 8 मिनट 12.48 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहे, 8वीं बार तोड़ा अपना रिकॉर्ड

  • 07 Jun 2022

रबात (मोरक्को)। भारत के अविनाश साबले प्रतिष्ठित डायमंड लीग मीट में पांचवें स्थान पर रहे।  उन्होंने इस दौरान 3000 मीटर स्टीपलचेज में 8वीं बार अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। महाराष्ट्र के बीड जिले के रहने वाले सेना के 27 साल के साबले ने रविवार को शीर्ष खिलाड़ियों के बीच 8 मिनट 12.48 सेकंड का समय लिया।
उन्होंने मार्च में तिरुवनंतपुरम में इंडियन ग्रां प्री के दौरान 8 मिनट 16.21 सेकंड के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 3 सेकंड से अधिक का सुधार किया। स्थानीय दावेदार और टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता सोफियान अल बक्काली ने मीट रिकॉर्ड 7 मिनट 58.28 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।  
इथोपिया के टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता लामेचा गिरमा 7 मिनट 59.24 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उनके हमवतन हेलमेरियम तेगेगन ने 8 मिनट 6.29 सेकंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। रियो ओलंपिक 2016 चैंपियन केन्या केकोन्सेसलेस किपरुतो 8 मिनट 12.47 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। किपरुतो भारत के साबले से एक सेकंड के 100वें हिस्से से आगे रहे।
ओलंपिक पदक विजेता को पछाड़ा
साबले हालांकि टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता केन्या के बेंजामिन किगेन से आगे रहे जिन्होंने 8 मिनट 17.32 सेकंड का समय लिया। साब्ले 3000 मीटर स्टीपलचेज में कई बार अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले 2018 में अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 8 मिनट 29.80 सेकंड के समय के साथ गोपाल सैनी का 8 मिनट 30.88 का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था।
पिछले साल साबले ने अमेरिका में 13 मिनट 25.65 सेकंड के साथ पुरुष 5000 मीटर में 30 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था जो बहादुर प्रसाद ने 1992 में बार्सिलोना में 13 मिनट 29.70 सेकंड के समय के साथ बनाया था।
साभार अमर उजाला