इंदौर। इंदौर में शनिवार रात को वर्षा होने के बाद रविवार को मौसम अचानक बदल गया। सुबह होते ही आसमान साफ नजर आया। बादल छटते ही धूप निकल गई। इसके चलते तापमान बढ़ गया। वहीं सोमवार की सुबह से मौसम में ठंड का अहसास हुआ तो दिन चढऩे के साथ-साथ तापमान तेजी से बढ़ा और उमस परेशान करने लगी।
मौसम में लगातार परिवर्तन के बीच अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। आद्र्रता 97 प्रतिशत रही। बीते 24 घंटे में 0.1 मिमी हुई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, रविवार दोपहर बाद इंदौर और आसपास हल्की वर्षा और बूंदाबंदी हो की संभावना जताई थी लेकिन बारिश का सिलसिला नहीं दिखा वहीं एक दो दिन में मानसून की विदाई की संभावना जताई गई है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में उत्तरी भारत में सक्रिय है। इसके अलावा चक्रवाती हवा का घेरा गुजरात के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक बना हुआ। यहां से एक द्रोणिका लाइन पंजाब तक मध्य राजस्थान और हरियाणा होते हुए गुजर रही है। इसके अलावा एक अन्य चक्रवाती हवाओं का घेरा मध्य बंगाल की खाड़ी में बना है। इस वजह से अभी बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ओर से नमी आ रही है।
शहर में 11 अक्टूबर को गरज-चमक साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी महाकाल लोक के लोकार्पण के लिए उज्जैन जाएंगे। इसके पहले वे इंदौर एयरपोर्ट पर आएंगे। इंदौर में उस दौरान मौसम कैसा रहता है, इसे देखते हुए प्रधानमंत्री इंदौर से उज्जैन हेलीकाप्टर से जाएंगे या कार से, यह निर्णय लिया जाएगा।
इंदौर
सुबह ठंड का अहसास, दोपहर में उमस कर रही परेशान
- 10 Oct 2022