इंदौर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा आज पूरे शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। कोरोनाकाल के दो साल बाद शहर में पहली बार सभी त्योहार बड़े आयोजन किए जा रहे हैं जिसमें दशहरा और गरबा आयोजन भी शामिल है। सुबह से ही बाजारों में जगह-जगह पर होने वाले रावण के पुतला दहन आयोजन की रौनक शहर में दिखाई देने लगी।
आज शहर के 100 से अधिक स्थानों पर रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे जिसमें 20 स्थान ऐसे हैं जहां 50 फीट से अधिक ऊंचे रावण जलेंगे। कई जगह रावण की लंका भी बनाई जाएगी और भगवान राम हनुमान द्वारा रावण के साथ लंका दहन का भी मंचन किया जाएगा। कुछ स्थानों पर रामलीला जैसे पुरातन आयोजन भी किए जाएंगे। दशहरा मैदान पर 250 फीट की लंबी लंका बनाई है वहीं 111 फीट के रावण का दहन किया जाएगा।
दशहरा पर्व पर इस बार गली, मोहल्लों, चौराहों पर भी रावण दहन के आयोजन किए जाएंगे वहीं शहर के 100 से अधिक स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। कोरोनाकाल के बाद से ही दो साल तक कोई आयोजन नहीं किया लेकिन इस बार ये त्योहार भी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। शहर के जिन 20 स्थानों पर बड़े स्तर पर रावण दहन होगा इनमें दशहरा मैदान, चिमनबाग मैदान, तिलकनगर, विजयनगर, नंदानगर, बाणगंगा, रामबाग, छावनी आदि स्थान शामिल हैं।
यहां निकलेगी शोभायात्रा
दशहरा मैदान पर 250 फीट लंबी लंका का निर्माण कियाा गया है। 50 सालाों से यहां आयोजन हो रहा है। संयोजक सत्यानारायण सलवाडिय़ा वा पिंटूू जोशी ने बताया कि शाम सात बजे यहां रावण दहन किया जाएगा। इसके पहले महूनाका चौराहे से विशा, शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें राम, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव आदि के वेश में नाचते-गाते कलाकार चलेंगे।
यहां एक एक कर दस सिर अलग होंगे
इसी तरह चिमनबाग मैदान में 111 फीट ऊंचा रावण बनाया गया है। समिति के अनिल यादव ने बताया कि रावण के 10 सिर यहां बनाए गए हैं जो एक-एक कर विच्छेदित किए जाएंगे। 50 हजार से अधिक लोग यहां रावण दहन को देखने आएंगे। तिलकनगर में भी 51 फीट ऊंचा रावण, विजयनगर चौराहा पर 51 फीट का रावण का दहन किया जाएगा।
इंद्रपुरी कालोनी में 111 फीट के रावण का होगा दहन
संस्था स्वराज एवं शक्ति मित्र मंडल द्वारा 28 वर्षों से इंद्रपुरी कालोनी स्थित दशहरा मैदान पर 111 फीट रावण दहन किया जाएगा। आयोजक मयंक वर्मा ने बताया कि इन्द्रपुरी कालोनी में कोरोना काल के दो वर्ष बाद यहां रावण दहन किया जा रहा है। रावण दहन के पूर्व 3 घंटे तक रंगारंग आतिशबाजी की जाएगी। वहीं 51 फीट की लंका भी यहां बनाई गई है जो आने वाले दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम में मधु वर्मा, बलराम वर्मा, सांसद शंकर लालवानी, पुष्यमित्र भार्गव, जयपालसिंह चावड़ा, भानुप्रतापसिंह चौहान, कृष्णमुरारी मोघे सहित बड़ी संख्या में दर्शक शामिल होंगे।
इंदौर
सुबह दिखाई देने लगी दशहरा की रौनक
- 05 Oct 2022