Highlights

बिहार

साली के प्यार में पागल पति ने पत्नी के टुकड़े-टुकड़े कर जमीन में गाड़ा

  • 11 Jun 2024

बिहार शरीफ। बिहार के नालंदा में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जब साली के प्यार में पागल पति ने पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। लव अफेयर में रोड़ा बन रही पत्नी की हत्या के बाद उसके टुकड़े-टुकड़े करके जमीन में दफना दिए। दो महीने पहले ही मृतका की शादी हुई थी।दीपनगर थाना क्षेत्र के गोइठवा नदी के पास से सोमवार की सुबह पुलिस ने जमीन खोदकर महिला का नरकंकाल निकाला।
आरोपी ने महिला के शव के दर्जनों टुकड़े कर दिये गये थे। उसके बाद पेट्रोल व नमक डालकर उसे जमीन में दफना दिया। शरीर पर मांस का एक टुकड़ा भी नहीं बचा है। परिजन गड्ढे में मिली बेडशीट व दुपट्टे से उसकी पहचान करने का दावा कर रहे हैं। चकदिलावर गांव निवासी दीनानाथ केवट की पत्नी अनरिका देवी के रूप में पहचान करने का दावा किया जा रहा है। उसकी शादी दो महीने पहले हुई थी।
मायके वालों का आरोप है कि वह सात दिनों से गायब थी। परिजन प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाना भी गये थे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। घटना के बाद गुस्साये मायके के लोगों ने ससुराल वालों को जमकर पीट दिया। उनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया है।अनरिका के भाई सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी संजय केवट ने बताया कि तीन जून की सुबह बहनोई ने फोन कर पूछा कि वह मायके गयी है। उसके नहीं कहने पर कहा कि वह भाग गयी है। इसके बाद चकदिलावर गांव पहुंचे। यहां बहन नहीं थी।
संजय ने बताया कि खोजबीन में उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में पता चला कि बहनोई घर से चार किलोमीटर दूर गोइठवा नदी के पास दारू चुलाने का काम करता है। वहां गड्ढे में मिट्टी से ढंका सिर दिखायी पड़ा। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शव मिलने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। पुलिस ने बीच-बचाव किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अपर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि शरीर पर मांस का टुकड़ा नहीं था। फॉरेंसिक जांच के लिए शव को पटना भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद पहचान पुख्ता होगी। ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। नौ जून को युवक ने पत्नी के गायब होने की शिकायत की थी। पति व भाई को हिरासत में लिया गया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान