इंदौर। सरकार के हर घर झंडा अभियान के लिए इंदौर में बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है। इंदौर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं से राष्ट्रीय ध्वज तैयार करवाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र में लगभग 1300 महिलाएं इस काम में लगी हैं। अब तक ढाई लाख झंडे बन चुके हैं और अगले कुछ दिनों में बचे हुए झंडे भी बन जाएंगे। झंडों के लिए सूरत और अन्य स्थानों से कपड़ा बुलाया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 11 से 17 अगस्त तक पूरे जिले के आठ लाख घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। जिला प्रशासन और नगर निगम की योजना के अनुसार, 30 जुलाई तक सभी झंडे तैयार कर लिए जाएंगे। इसके बाद 1 से 10 अगस्त के बीच झंडों का वितरण किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में हर वार्ड सहित 250 स्थानों से और ग्रामीण क्षेत्र में हर ग्राम पंचायत मुख्यालय से झंडों का वितरण किया जाएगा। इसमें शासकीय कर्मचारियों के अलावा जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी ली जाएगी। इस अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता डा. अनिल भंडारी समन्वयक की भूमिका में हैं।
अब तक बने ढाई लाख झंडे
निगम के उपायुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि शहरी क्षेत्र में छह लाख झंडे लगाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्र में हम अब तक दो लाख झंडे बनाए जा चुके हैं। बचा हुआ काम भी अगले तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा। उधर ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े महिलाओं के स्वयं सहायता समूह झंडे बनाने का काम कर रहे हैं। मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक आनंद शर्मा बताते हैं कि कलारिया और अलवासा के स्वयं सहायता समूहों ने अब तक 50 हजार झंडे बनाए गए हैं। मंगलवार को कपड़ा मिलने के बाद जामली (महू), रंगवासा (देपालपुर) और धन्नड़ के स्वयं सहायता समूह बचे हुए झंडे बनाएंगे।
राष्ट्रीय ध्वज बनाकर हुआ गर्व का अनुभव
इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह की किरण पाल का कहना है कि हमने पहली बार झंडे बनाए हैं। राष्ट्रीय ध्वज बनाकर हमें गर्व का अनुभव हुआ। हमारे समूह की महिलाओं ने 10 हजार झंडे तैयार किए हैं। राष्ट्रीय ध्वज बनाने से हमें रोजगार का अवसर भी मिला है। स्वयं सहायता समूह के लिए काम कर रही संस्था प्रवेश की अध्यक्ष रूपाली जैन ने बताया कि तिरंगा बनाते हुए महिलाएं इस बात का भी बहुत ध्यान रख रही हैं कि कहीं उस पर पांव न लग जाए, अपमान न हो जाए। इससे लगता है कि इस अभियान से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना भी जागृत हो रही है। इस तरह के अभियान आगे भी चलते रहना चाहिए, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार भी मिलता रहे। पहले भी समूह की महिलाओं ने नगर निगम के लिए साढ़े तीन लाख झोले बनाए थे।
इंदौर
स्वतंत्रता दिवस पर इंदौर में आठ लाख घरों पर फहराएगा तिरंगा, महिलाएं तैयार कर रही झंडे
- 27 Jul 2022